कमजोर पीएम देश के लिए घातक: अन्ना - Zee News हिंदी

कमजोर पीएम देश के लिए घातक: अन्ना

ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

नई दिल्ली: लोकपाल बिल पर संसदीय समिति के ड्रॉफ्ट से नाराज सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे ने कांग्रेस और यूपीए सरकार पर हमला बोला है। अन्ना ने शुक्रवार को कहा है कि कमजोर प्रधानमंत्री देश के लिए घातक होता है। उन्होंने यह बात एक टेलीविजन चैनल के साथ इंटरव्यू के दौरान कहीं।

 

अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर इशारों-इशारों में हमला बोलते हुए कहा कि अगर वह (मनमोहन सिंह) चाहते तो मजबूत लोकपाल लाया जा सकता था। इसलिए मैं कहता हूं कि देश के लिए कमजोर प्रधानमंत्री घातक होता है।

 

उन्होंने लोकपाल के मसले पर केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम और मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल पर भी आरोप लगाया कि इन्होंने इस मसले पर मतभेद बनाए रखा जो मजबूत लोकपाल नहीं लाए जाने का बड़ा कारण है।

 

अन्ना हजारे ने लोकपाल के मुद्दे पर कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी नहीं चाहते हैं कि लोकपाल आए।  वह (राहुल गांधी)लोकपाल मसौदे को लेकर गठित स्थाई समिति पर अनावश्यक दवाब बना रहे हैं। अन्ना हजारे की यह प्रतिक्रिया शुक्रवार को लोकपाल रिपोर्ट के राज्यसभा में रखे जाने के बाद की है।

 

टीम अन्ना देश में भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए मजबूत लोकपाल की लाए जाने की मांग कर रही है। टीम अन्ना ने कहा है सरकार को चेतावनी दी है कि अगर शीतकालीन सत्र में लोकपाल बिल पारित नहीं होता है तो वह दोबारा आंदोलन  शुरू करेंगे।

First Published: Saturday, December 10, 2011, 09:46

comments powered by Disqus