‘कांग्रेस नेताओं पर हमले में शामिल थीं महिला नक्सली’

‘कांग्रेस नेताओं पर हमले में शामिल थीं महिला नक्सली’

‘कांग्रेस नेताओं पर हमले में शामिल थीं महिला नक्सली’ नई दिल्ली : नक्सलियों की महिला कैडर पुरुषों से कम खतरनाक नहीं हैं क्योंकि उन्हें भी पुरुषों की ही तरह छापामार युद्ध का कड़ा प्रशिक्षण दिया जाता है। छत्तीसगढ़ के बस्तर में शनिवार को कांग्रेस नेताओं पर घातक हमले को अंजाम देने वाले नक्सलियों में बड़ी संख्या में महिला कैडरों के होने की खबरें हैं। खुद प्रत्यक्षदर्शियों ने खुलासा किया है कि हमलावर नक्सलियों में हथियारबंद महिलाएं शामिल थीं।

सूत्रों ने बताया कि महिला नक्सलियों की संख्या में दिन ब दिन इजाफा हो रहा है। वे केवल नक्सलियों के आंदोलन का समर्थन ही नहीं करतीं, बल्कि हमले और अभियान अकेले दम पर संचालित करने के लिए प्रशिक्षित भी होती हैं।

उन्होंने कहा कि महिला कैडर नक्सलियों की समर्थक ही नहीं बल्कि नेता भी होती हैं। जहां तक उनके प्रशिक्षण का सवाल है, महिला नक्सली कमांडर किसी अभियान का नेतृत्व करने की क्षमता रखती हैं और छापामार युद्ध का प्रशिक्षण लेने के बाद पुरुष कैडरों जितनी ही खतरनाक मानी जाती हैं।

सूत्रों के अनुसार महिला कैडरों को पहले पहल बाल संगम में नियुक्त किया जाता है। बाल संगम में छह से 12 साल के बच्चे बच्चियों को प्रशिक्षित किया जाता है। जब लडकी 20 साल की हो जाती है तो उसे कोई भी अभियान संचालित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है ताकि वह जरूरत पडने पर नक्सलियों के समूह को नेतृत्व भी प्रदान कर सके।

सूत्रों ने बताया कि इन महिला नक्सलियों को सुरक्षाबलों पर हमले या मुठभेड़ में कई बार आजमाया जाता है कि वे प्रशिक्षण पर खरी उतरी हैं या नहीं। इसके बाद उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी जाती है। महिला नक्सलियों को बम बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा वे वामपंथी उग्रवादियों के लिए भोजन पकाने का काम भी करती हैं।

बताया जाता है कि नक्सलियों में महिला कैडरों की संख्या 40 फीसदी से अधिक है। महिलाएं विभिन्न वजहों से नक्सल कैडर में शामिल होती हैं। इनमें ऊंची जाति के लोगों द्वारा दमन और यौन उत्पीड़न, नक्सल समर्थक परिवार में विवाह, गरीबी और बेहतर जीवन जीने की इच्छा (जिसकी नक्सल पेशकश करते हैं) शामिल है।

एक बार नक्सल कैडर बनने के बाद महिला को छापामार की वर्दी पहननी होती है। पीठ पर भारी बैग लेकर चलना पड़ता है, जिसमें हथियार, गोला बारूद, वर्दी और खाना पकाने के बर्तन आदि होते हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, May 27, 2013, 19:23

comments powered by Disqus