'कांग्रेस सांसदों को जारी होगा कारण बताओ नोटिस' - Zee News हिंदी

'कांग्रेस सांसदों को जारी होगा कारण बताओ नोटिस'



नई दिल्ली : व्हिप का उल्लंघन कर लोकपाल विधेयक पर लोकसभा में मत विभाजन के दौरान अनुपस्थित होकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की नाराजगी का कारण बने 13 पार्टी सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

 

अनुपस्थित रहने वाले सांसदों की सूची सोनिया द्वारा मंगाये जाने की खबरों के बीच संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया, मैं निश्चित रूप से उन सांसदों को पत्र लिखकर अनुपस्थिति का कारण पूछूंगा। दो तिहाई बहुमत के अभाव में लोकपाल को संवैधानिक दर्जा देने वाला संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिर गया, जिससे सरकार की काफी फजीहत हुई। मत विभाजन के दौरान कांग्रेस के 13 सांसद सदन में मौजूद नहीं थे।
बंसल ने हालांकि कहा कि ये सांसद मौजूद होते तो भी विधेयक पारित नहीं हो सकता था। लोकसभा अध्यक्ष को छोडकर यदि संप्रग के सभी 277 सांसद मौजूद होते तो भी विधेयक गिर जाता क्योंकि 543 सदस्यीय सदन में जब 420 सदस्य थे, तब भी संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए 285 का आंकडा जरूरी था। कार्मिक मंत्री वी नारायणसामी ने अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब किसी महत्वपूर्ण विधेयक पर मत विभाजन हो रहा हो तो हमारे सभी सांसदों को मौजूद रहना चाहिए था।

 

इस बीच सूत्रों ने बताया कि लोकपाल को संवैधानिक दर्जा दिए जाने की वकालत कर चुके पार्टी महासचिव राहुल गांधी भी विधेयक गिरने से गुस्से में हैं। निचले सदन में केरल कांग्रेस-एम के एकमात्र सदस्य जोस के मणि उपस्थित नहीं थे। उनके अलावा केन्द्रीय मंत्री दिनशा पटेल सहित गुजरात से छह कांग्रेस सांसद अनुपस्थित थे।

 

केरल से के सुधाकरन, ओडिशा से संजय भोई, लक्षद्वीप से हमदुल्ला सईद, आंध्र प्रदेश से के राज गोपाल रेडडी और एम राजामोहन रेडडी अनुपस्थित थे। रेडडी वाईएसआर कांग्रेस के नेता जगनमोहन रेडडी के समर्थक हैं और उन्होंने अध्यक्ष मीरा कुमार को अपना इस्तीफा पहले ही सौंप दिया है।

 

कांग्रेस सांसद सुरेश कलमाडी राष्ट्रमंडल खेल घोटाले के सिलसिले में तिहाड जेल में बंद हैं। पूर्व मंत्री द्रमुक के ए राजा भी 2-जी घोटाले के सिलसिले में तिहाड में ही हैं।

 

द्रमुक के तीन सांसद और तृणमूल कांग्रेस के दो सदस्य कबीर सुमन एवं तापस पाल सदन में मौजूद नहीं थे। द्रमुक के अनुपस्थित सांसदों में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री डी नेपोलियन भी शामिल थे।

 

सूत्रों ने बताया कि सोनिया कांग्रेस सांसदों की अनुपस्थिति से खासी नाराज हैं और उन्होंने पार्टी सांसद गिरिजा व्यास एवं संदीप दीक्षित को इनकी सूची बनाने तथा अनुपस्थिति की वजह जानने को कहा है।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 28, 2011, 21:14

comments powered by Disqus