केंद्र सरकार को जाना होगा: शरद यादव

केंद्र सरकार को जाना होगा: शरद यादव

केंद्र सरकार को जाना होगा: शरद यादवपटनाः जनता दल (युनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद शरद यादव ने कहा कि अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया जाता है तो केंद्र सरकार को जाना होगा। पटना के गांधी मैदान में जद(यु) द्वारा बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर रविवार को आयोजित अधिकार रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में आयोजित इस रैली के माध्यम से बिहार अपने हक के लिए खड़ा हो गया है।

इसके पूर्व जब इसी मैदान में जय प्रकाश नारायण खड़ा हुए थे तो इन्दिरा गांधी जैसी महिला को सत्ता से जाना पड़ा था और इस बार तो पूरा बिहार खड़ा हो गया है। अगर इनकी मांगें नहीं मानी गई तो दिल्ली सरकार को जाना होगा।

सांसद ने कहा कि बिहार के बंटवारे के बाद बिहार की कमर टूट गई परंतु इसकी सहायता नहीं की गई। अब यहां के लोग अधिकार मांग रहे हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार को घोटालों की सरकार बताते हुए कहा कि आज जितने बिचौलिए खा रहे हैं इसमें से थोड़ा भी बिहार को मदद मिल जाए तो वे बिहार को चमन बना देंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश से ही इतिहास बनता है। उन्होंने कहा कि आज तक उन्होंने ऐसी सरकार नहीं देखी जो लोगों के रोजगार छीनती हो परंतु केन्द्र सरकार आज लोगों से रोजगार छीनने पर तुली है। इस अधिकार रैली में जद(यु) के करीब सभी मंत्री, विधायक, विधान पार्षद उपस्थित थे। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 4, 2012, 16:01

comments powered by Disqus