केरल जेल से 14 पाकिस्तानी मछुआरे रिहा

केरल जेल से 14 पाकिस्तानी मछुआरे रिहा

तिरुवनंतपुरम : केरल के केंद्रीय कारागार में बंद 14 पाकिस्तानी मछुआरों को उनके वतन वापस भेज दिया गया है।

भारतीय नौसेना ने छह महीने पहले इन मछुआरों को भारतीय समुद्री क्षेत्र में दाखिल होने के कारण लक्षद्वीप के पास से हिरासत में ले लिया था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक :कारागार: अलेक्जेंडर जेकब ने कहा कि रिहाई की आधिकारिक प्रक्रिया के बाद इन पाकिस्तानी नागरिकों को केरल पुलिस के जवानों के साथ कल शाम ट्रेन से वाघा सीमा के लिए रवाना कर दिया गया है।

जेकब ने बताया कि केरल पुलिस वहां इन मछुआरों को खुफिया ब्यूरो के अधिकारियों के हवाले करेगी, जो इन लोगों को अपने पाकिस्तानी समकक्षों को सौंप देंगे।

उन्होंने बताया कि भारतीय नौ सैनिकों ने इन पाकिस्तानी मछुआरों और एक ईरानी नागरिक को लक्षद्वीप में कवरत्ती के पास से हिरासत में लिया था।

इन लोगों के पास जरूरी यात्रा दस्तावेज नहीं होने के कारण इन सभी को भारतीय पासपोर्ट अधिनियम और दूसरे संबंधित कानूनों के तहत गिरफ्तार किया गया था।

पाकिस्तानी मछुआरों का कहना था कि वे समुद्र में मछली पकड़ रहे और बहते हुए लक्षद्वीप तक आ पहुंचे।

सूत्रों ने बताया कि खुफिया अधिकारियों की जांच के बाद इन मछुआरों को छोड़ दिया गया, लेकिन रिहाई प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण ईरानी नागरिक को अभी भी हिरासत में रखा गया है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, April 4, 2013, 15:24

comments powered by Disqus