Last Updated: Sunday, July 29, 2012, 19:36
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : जंतर मंतर पर आज गांधीवादी अन्ना हजारे के अनशन पर बैठते ही दिल्ली में जंतर मंतर से इंडिया गेट तक जन सैलाब उमड़ पड़ा। सरकार को दिए चार दिन के अल्टीमेटम के बाद अन्ना ने आज से अपना अनशन शुरू कर दिया है। जंतर मंतर पर हजारों की संख्या में जुटी भीड़ को सम्बोधित करते हुए अन्ना ने कहा, `यह समय देश में स्वराज लाने का है।` उन्होंने अपने चिरपरिचत लहजे में नेताओं को जनता का सेवक करार दिया और जनता को समाज का मालिक। अन्ना ने कहा, `लेकिन आज की तस्वीर यह है कि जनता सेवक बन गई है और नेता मालिक। यह आंदोलन जनता को जागरूक करेगा।`
अन्ना हजारे के समर्थक बड़ी तादाद में इंडिया गेट पर रविवार शाम को जुटे। उन्होंने वंदे मातरम के नारे लगाते हुए लोकपाल की मांग की। प्रशांत भूषण के नेतृत्व में अन्ना समर्थक इंडिया गेट पहुंचे। इंडिया गेट पर अन्ना समर्थकों ने सांकेतिक रूप में भ्रष्टाचार में शामिल न होने की प्रतिज्ञा भी ली। थोड़ी देर रुकने के बाद अन्ना समर्थकों ने इंडिया गेट से जंतर मंतर तक कैंडल मार्च किया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ टीम अन्ना की लड़ाई दिल्ली के जंतर-मंतर पर ही नहीं बल्कि कई शहरों में भी जारी है। पटना के करगिल चौक पर लोग पांच दिनों से अन्ना के समर्थन में अनशन पर बैठे हैं। मुंबई में भी अन्ना समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। अभिनेता अनुपम खेर की अगुवाई में अन्ना समर्थकों ने कार और बाइक रैली निकाली।
First Published: Sunday, July 29, 2012, 19:36