घाटी में ताजा संघर्ष, अमरनाथ यात्रा बहाल

घाटी में ताजा संघर्ष, अमरनाथ यात्रा बहाल

श्रीनगर/जम्मू : जम्मू-कश्मीर के रामबन में सीमा सुरक्षा बल की गोलीबारी में लोगों की मौत के खिलाफ घाटी में कर्फ्यू के बावजूद हुए ताजा संघर्ष में 15 सुरक्षाकर्मियों समेत 30 लोग घायल हो गए जबकि प्रदर्शन जारी है। इसी बीच जम्मू से अमरनाथ यात्रा शनिवार शाम बहाल हो गयी। प्रदर्शन और कर्फ्यू के मद्देनजर दो दिन तक यात्रा रोक दी गयी थी।

जम्मू में एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘45 संतों समेत 1834 श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू आधार शिविर से शाम पांच बजकर 35 मिनट पर घाटी के लिए रवाना हुआ।’ रामबन जिले में कर्फ्यू हटा लिया गया लेकिन कश्मीर के सभी बड़े शहरों में आज दूसरे दिन भी कर्फ्यू लगा रहा। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। बृहस्पतिवार को रामबन जिले के गुल में बीएसएफ की गोलीबारी में चार लोग मारे गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी में उत्तरी पुलवामा के बांदीपुरा और बारामूला, शोपियां एवं कुलगाम तथा बडगाम समेत दर्जनों स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों में झड़प हुई। पुलिस ने पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, रबड़ की गोलियां चलाई तथा लाठीचार्ज किया। इस झड़प में पुलिस और सीआरपीएफ के 15 जवान समेत 32 लोग घायल हो गए।

हालांकि एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस झड़प में 15-17 सुरक्षाकर्मी और दो नागरिक घायल हो गए। सभी की हालत स्थिर है। कल प्रदर्शन के दौरान 19 सुरक्षाकर्मी समेत 40 लोग झड़प में घायल हो गए थे। बनिहाल इलाके में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। वे गोलीबारी में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना पर बैठ गए। गुल में जुमे की नमाज के बाद ताजा प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने बताया कि यह राजमार्ग फिर खोल दिया गया। रामबन जिले में तनाव के कारण दो दिन तक राजमार्ग बंद था।

एसएसपी (राष्ट्रीय राजमार्ग) वीरेंद्र कुमार ने कहा, ‘राजमार्ग यातायात के लिए फिर खोल दिया गया। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।’ उन्होंने बताया कि बनिहाल से प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक यातायात प्रभावित होने की खबर है। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि प्रशासन चौबीसों घंटे नजर रखे हुए है और जम्मू क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 20, 2013, 21:49

comments powered by Disqus