Last Updated: Friday, May 3, 2013, 22:14
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : जम्मू की जेल में बंद एक पाकिस्तानी कैदी पर हुए हमले के बाद शुक्रवार दोपहर दिल्ली के तिहाड़ जेल में भी कैदियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई है। इसमें एक कैदी की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य जख्मी हुए हैं। मृत कैदी का नाम जावेद बताया जा रहा है।
तिहाड़ जेल के विधि अधिकारी सुनील गुप्ता ने बताया कि यह घटना कारागार के जेल नंबर एक में सुबह साढ़े छह बजे हुई जिसमें पूर्वोत्तर दिल्ली के सीलमपुर निवासी जावेद की मौत हो गई। गुप्ता ने यह भी बताया कि दो गुटों में पुरानी रंजिश थी और आज सुबह उनमें संघर्ष हुआ जिसमें कैदी जावेद की जान चली गई। गुप्ता ने बताया कि घायलों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिहाड़ जेल के सूत्रों की मानें तो जावेद अन्य कैदियों से उगाही करता था। जेल के अंदर निर्माण कार्य चल रहा था। जावेद की अन्य कैदियों से बहस होने के बाद वहीं पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल लकड़ी से कैदियों ने जावेद पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में जो लोग घायल हुए हैं उनमें से दो को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक कैदी की हालत गंभीर है जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। ताजा घटनाक्रम के बाद तिहाड़ जेल की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
First Published: Friday, May 3, 2013, 21:19