दिल्ली गैंगरेप: तिहाड़ में कैदियों का फूटा गुस्सा

दिल्ली गैंगरेप: तिहाड़ में कैदियों का फूटा गुस्सा

दिल्ली गैंगरेप: तिहाड़ में कैदियों का फूटा गुस्साज़ी न्यूज़ ब्यूरो
नई दिल्ली : दिल्ली में गैंगरेप की घटना से तिहाड़ जेल में सजा काट रहे कैदी भी दुखी हैं। कैदियों ने गुरुवार को वार्ड में घूम रहे दिल्ली गैंगरेप के आरोपी मुकेश की धुनाई कर दी। धुनाई से मुकेश के चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पिटाई से घायल मुकेश का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने इसे मामूली चोट करार दिया। मुकेश को तिहाड़ी के जेल नंबर-4 में रखा गया है।

मुकेश के बारे में वार्ड के सभी कैदियों को टीवी न्यूज और समाचार पत्रों के माध्यम से सारी जानकारी पहले ही मिल गई थी। कैदी इस जघन्य अपराध से काफी आहत थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मुकेश वार्ड में टहल रहा था। तभी वार्ड के कैदियों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कैदियों ने मुकेश पर ब्लेड से भी हमला किया।

तिहाड़ जेल के सूत्रों के मुताबिक जेल की दुनिया में जो मुलजिम मर्डर केस में आता है उसका स्टेटस सबसे ज्यादा माना जाता है। दूसरी श्रेणी में अपहरण करने और फिरौती मांगने वाले और तीसरी श्रेणी में डकैती और लूट करने वाले बदमाशों का नंबर आता है। खतरनाक कैदियों की दृष्टि में रेप करने वाले आरोपी सबसे ज्यादा नीच और हीन माने जाते हैं। रेप के मुलजिमों से खतरनाक कैदी अपने पैर दबवाने और मालिश करवाने जैसे काम करवाते हैं।

जेल अधिकारियों ने बताया कि आमतौर पर रेप के आरोपियों को खतरनाक कैदियों से अलग रखा जाता है। अधिकतर बार जो मुलजिम रेप के मामले में जेल में आता है उसकी बाकी कैदी पिटाई करते हैं। गुरुवार को भी यह नजारा दिखा जब दिल्ली गैंगरेप के एक आरोपी को मौका पाते ही कैदियों ने पकड़कर पीट दिया।

First Published: Friday, December 21, 2012, 10:03

comments powered by Disqus