मुंबई : हिंदी फिल्म जगत बॉलीवुड को जिंदगी जीने का नया सलीका सिखाने वाले सदाबहार अभिनेता देवानंद के चले जाने के गम में ना सिर्फ बॉलीबुड डूबा है बल्कि पूरा देश शोक में डूबा है और सभी की जुबान पर यही शिकवा है कि देव साहब के साथ एक युग का अंत हो गया। देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सदाबहार अभिनेता देवानंद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
सोनिया ने अपने शोक संदेश में कहा, उन्हें अपने विशिष्ट व्यक्तित्व और परफॉर्मेंस के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।
महान अभिनेता और निर्माता देवानंद के निधन पर शोक जताते हुए भाजता नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि देश में आपातकाल लागू होने के वक्त यह महान अभिनेता लोकतंत्र के पक्ष में खड़ा हुआ था।
उन्होंने कहा, मैं उनके परिवार को बहुत अच्छे से जानता हूं। आपातकाल में जब लोकतंत्र को किनारे कर दिया गया था तो देव साहब और उनके भाई इसके समर्थन में उठ खड़े हुए थे।
केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने सदाबहार अभिनेता देवानंद के निधन पर शोक का इजहार करते हुए कहा है कि देव साहब एक युगपुरुष थे और उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है।
अपने शोक संदेश में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देवानंद के निधन के साथ फिल्म जगत के एक अध्याय का पटाक्षेप हो गया। धूमल ने कहा कि उन्हें हिमाचल से खास लगाव था क्योंकि उन्होंने यहां के धर्मशाला कॉलेज से अपनी शिक्षा ली थी।
गोवा के मुख्यमंत्री दिगंबर कामत ने देव साहब के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, देवानंद गोवा में होने वाले भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के प्रेरक और समर्थक थे। राज्य हमेशा उनकी उपस्थिति और उनके जुनून को याद करेगा। हाल ही में समाप्त हुए भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के सह-आयोजक ‘इंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा’ ने भी इस सदाबहार अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल राम नरेश यादव ने कहा कि हिन्दी फिल्म उद्योग में देवानंद के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
द्रमुक प्रमुख एम. करूणानिधि ने कहा कि पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित देवानंद एक साधारण जीवन जीने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा, हालांकि वह बहुत बड़े अभिनेता थे लेकिन वह साधारण जीवन जीने के जाने जाते थे। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने कहा, देवानंद का निधन फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। वह अब नहीं रहे लेकिन.. वह अपने प्रशंसकों के दिलों में हमेशा रहेंगे।
ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, बतौर मशहूर अभिनेता, अच्छे निर्माता और निर्देशक देवानंद ने फिल्म जगत में अपना एक अलग मुकाम बनाया था। वह अपने बेतरीन अभिनय के कारण लीजेंड बन गए।
बॉलीवुड के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज राजू ‘गाइड’ के साथ एक अनोखी प्रेम कहानी की नायिका ‘रोजी’ वहीदा रहमान ने देव साहब के निधन की खबर सुनकर यही कहा कि उन्हें यह खबर सुनकर बेहद दुख हुआ है क्योंकि वह उनके पहले नायक थे और उन्होंने अपनी अधिकतर फिल्में उन्हीं के साथ की थीं। वहीदा कहती हैं कि बॉलीवुड को हमेशा उनसे कुछ न कुछ सीखने को मिला क्योंकि उनके अंदर बहुत उर्जा थी । उन्होंने कहा, मैं अक्सर उनसे कहती थी, देव लगता है तुम्हारे अंदर एवरेडी बैटरी लगी है।
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर लिखा है, एक युग समाप्त हो गया। देव आनंद एक ऐसा शून्य छोड़ गए हैं जो शायद कभी नहीं भरा जा सकेगा। कभी हार न मानने का उनका विश्वास और जिंदगी को जश्न की तरह जीने की ललक।
सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने कहा, उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और न ही किसी चीज पर उन्हें पछतावा था। उनका एक महान व्यक्तित्व था।
फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने ट्विटर पर लिखा है, मेरे अंकल देव आनंद। हम उनके बारे में ऐसे बात करते रहे जैसे वह हमेशा जीवित ही रहेंगे। शायद हां वह। ऐसा लगता है जैसे कोई अमर इंसान पुरातन कथाओं का हिस्सा बन गया है।
देव आनंद के साथ अव्वल नंबर में काम करने वाले आमिर खान का कहना है, वह हमेशा उर्जा से परिपूर्ण रहे। मैं हमेशा उनकी बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। वह ऐसे थे जिनकी ओर सभी देखा करते थे। उनका निधन अपूरणनीय क्षति है। वह दृढ़ जिजिविषा के व्यक्ति थे। यह बहुत तकलीफ भरा दिन है।
शाहरूख खान ने लिखा है, देव साहब के निधन से ऐसा महसूस हो रहा है जैसे फिल्म जगत अधूरा हो गया हो और उसने अपनी जादूई ताकत गंवा दी हो। अल्लाह उनकी आत्मा हो शांति दे।
तमिल सुपर स्टार रजनीकांत और उनके परिवार के लोगों ने भी देवानंद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। रजनीकांत ने एक बयान में कहा है, देवानंदजी हम उन खुशनसीब लोगों में शामिल हैं जिन्हें आपका आर्शीवाद मिला है, जिन्हें आपसे हाथ मिलाने का और गले लगने का मौका मिला है। आपने हमें दो साल पहले ‘द लीजेंड’ पुरस्कार लेते हुए गले भी लगाया था। हम सभी जो उस शाम का हिस्सा थे आज हम बहुत उदास हैं।
नीरज ने कहा, देव साहब नया विचार दर्शकों के सामने रखने वाले फिल्मकार थे और देवानंद नियम, संयम और समय के पाबंद थे, जो अपनी जिंदगी को बेहद व्यवस्थित और सलीके के साथ जीने वाले व्यक्ति थे।
देव साहब के मित्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम ने बताया, देव साहब भले ही पाश्चात्य जीवन शैली को पसंद करते थे, लेकिन वह कभी भी शराब और सिगरेट को हाथ नहीं लगाते थे। वह चाय भी शहद के साथ लेते थे। फिल्मों में भी कभी वह सिगरेट के धुंए को अंदर नहीं लेते थे। नेताम ने बताया कि वह देव साहब से पहली दफा 1973 में मुंबई के उनके कार्यालय में मिले थे, उस वक्त वह केंद्र में मंत्री थे। देवानंद को उन्होंने बस्तर आमंत्रित किया था और वह 1974 में अपनी यूनिट के तीन चार लोगों के साथ बस्तर आये और बेलाडिला सहित कई स्थानों का भ्रमण किया।
वरिष्ठ फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने कहा, मुंबई में सुबह के आगाज के साथ ही यह दुखद खबर सुनने पर मैं उस महान कलाकार को सलाम करता हूं जो हमारे दिलों में अपनी मुस्कान छोड़ गया है।
अनुपम खेर ने कहा, देव साहब को श्रद्धांजलि देने के लिए केवल उनके गीतों को गुनगुनाने का मन है। वो गीत जो हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए हैं। अभी ना जाओ छोड़कर.... देव साहब एक दयालू जुनूनी, साहसी , दूरदर्शी , खुशमिजाज , हौसलाअफजाई करने वाले एक महान इंसान थे। हमें हमेशा उनकी याद आएगी।
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने कहा, देवानंद के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ है। एक और महान अभिनेता मंच से चला गया। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं.... वो हमेशा याद आएंगे।
अभिषेक बच्चन ने ट्वीट किया है, देव साहब के निधन की खबर सुनकर सदमा लगा है। वह एक महान व्यक्ति और महान अभिनेता थे। सकारात्मकता के प्रतीक। कभी नहीं सोचा था कि सुबह इस खबर के साथ होगी। बहुत दुखी हूं।
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा, अभी भी खबर पर विश्वास नहीं हो रहा है। वह उर्जा और जिंदगी के जश्न से लबरेज इंसान थे। अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा, यह अब तक का सबसे खराब साल रहा है। एवरग्रीन रोमांटिक अभिनेता और निर्माता निर्देशक देवानंद साहब नहीं रहे बल्कि उनकी असमय मृत्यु हो गई है।
फिल्म निर्माता करण जौहर ने कहा, फिल्म उद्योग ने अपना सीन और फिल्मों ने अपना चार्म खो दिया है। आपकी आात्मा को शांति मिले। आपको सलाम।
संगीत निर्देशक और गायक शंकर महादेवन ने ट्वीट किया है, अभी ना जाओ छोड़ कर की दिल अभी भरा नहीं.... देव साहब के निधन के बार में सुन कर दुख हुआ ईश्वर उनकी आत्मा को शंति दे।
सदाबहार अभिनेता देवानंद के निधन पर शोक जताते हुए अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि देव साहब सही मायनों में महानायक थे और उनके निधन के साथ ही मनोरंजन जगत में एक युग का पटाक्षेप हो गया।भाजपा सांसद और करीब 200 फिल्मों में काम कर चुके सिन्हा ने कहा, हिंदी सिनेमा में अगर दिलीप कुमार को प्रथम मुगल कहा जाता है तो देव साहब को आखिरी मुगल कहा जाना चाहिए।
भारतीय फिल्म परिषद् के अध्यक्ष टीपी अग्रवाल ने देवानंद के बारे में कहा कि वह सबसे अनुशासित अभिनेता थे और उन्होंने कभी किसी निर्देशक के साथ काम करते हुए अकड़ नहीं दिखाई। अग्रवाल ने कहा, देवानंद स्वयं बड़े निर्माता, निर्देशक और अभिनेता रहे लेकिन उन्होंने कभी नए लोगों को इस बात का एहसास नहीं होने दिया।
(एजेंसी)
First Published: Monday, December 5, 2011, 10:46