देशभर में धूमधाम से मनाया गया ईद का त्योहार

देशभर में धूमधाम से मनाया गया ईद का त्योहार

देशभर में धूमधाम से मनाया गया ईद का त्योहार नई दिल्ली : देशभर में सोमवार को ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। रोजादारों से गले मिलकर लोगों ने उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा की और इसी के साथ पवित्र रमजान महीना समाप्त हो गया।

देश के कई हिस्सों में ईद की धूम रही। उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, असम आदि राज्यों में लोगों ने शांतिपूर्वक ईद मनाई। असम में जहां हाल में हिंसा फैली थी, वहां अमन की दुआ की गई। पंजाब और चंडीगढ़ में भी विभिन्न शहरों और कस्बों में मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई।

कश्मीर में लोगों ने शांतिपूर्वक ईद का त्योहार मनाया, हालांकि कुछ युवकों ने नमाज के बाद उपद्रव की कोशिश की और एक पुलिस वाहन को आग लगा दी। लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर हालात को काबू में कर लिया।

ईद पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारुख, शब्बीर शाह, मुहम्मद यासीन मलिक और मुहम्मद नईम खान सहित सभी वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं को श्रीनगर में नजरबंद कर दिया गया था।

भारत और पाकिस्तान की वाघा-अटारी सीमा पर दोनों देशों के सीमा रक्षकों ने सोमवार को एक-दूसरे को गले लगाया, मिठाइयों का आदान-प्रदान किया और ईद की मुबारकबाद दी।

दिल्ली में ईद मुबारक : दिल्ली में नए-नए कपड़ों में सजे-धजे मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग विभिन्न मस्जिदों में एकत्र हुए। हर तरफ `ईद मुबारक` का स्वर सुनाई दे रहा था। शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।

असम में हिंसा तथा बेंगलुरू, हैदराबाद और पुणे से पूर्वोत्तर के हजारों लोगों के पलायन की रपटों के बीच जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा कि लोगों को भ्रम का शिकार नहीं होना चाहिए और शांति और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।

ईद के दिन बाजारों में काफी रौनक रही। हर तरफ लोग कपड़े, बर्तन और फल खरीदते नजर आए। सेवइयां, फिरनी, बिरयानी, कबाब और अन्य कई व्यंजन ईद के अवसर पर खास तौर पर बनाए जाते हैं।

इस अवसर पर बच्चों को अपने बड़ों से प्यार के रूप में मिलने वाली `ईदी` का खास इंतजार रहता है। जिसमें उन्हें प्राय: पैसे दिए जाते हैं।

शाम के वक्त जामा मस्जिद को रोशनी से सजाया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने विभिन्न स्थानों, खासकर मस्जिदों के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

उप्र में ईद का उल्लास : उत्तर प्रदेश में लखनऊ के ऐशबाग स्थित ईदगाह में हजारों की संख्या में मुसलमान समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। लखनऊ के अलावा कानपुर, इलाहाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, वाराणसी सहित राज्य के अन्य हिस्सों में भी ईद पूरे उत्साह के साथ मनाई गई।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और राज्यपाल बी.एल.जोशी ने ईदगाह मैदान पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। अखिलेश ने कहा कि खुशियों भरा ईद का त्योहार समाज में अमन-चैन और साम्प्रदायिक सौहार्द्र का पैगाम देता है।

कश्मीर में ईद शांतिपूर्वक सम्पन्न : श्रीनगर में कुछ युवाओं द्वारा एक पुलिस वाहन को जलाए जाने की घटना को छोड़कर बाकी पूरे जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार को ईद-उल-फितर की नमाज शांति एवं सौहाद्र्र के माहौल में सम्पन्न हुई।

पुलिस ने कहा कि श्रीनगर के पुराना शहर इलाके में ईदगाह मैदान में सामूहिक नमाज के बाद कुछ युवकों ने एक पुलिस वाहन को आग लगा दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल उस स्थान पर पहुंच गए और हालात काबू में कर लिया।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने अन्य लोगों के साथ नमाज अदा की। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर की हजरतबल दरगाह में नमाज अदा की।

ईद पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारुख, शब्बीर शाह, मुहम्मद यासीन मलिक और मुहम्मद नईम खान सहित सभी वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं को श्रीनगर में नजरबंद कर दिया गया था।

हिंदू-मुस्लिमों ने मिलकर मनाई ईद : ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को हिंदुओं ने मुसलमानों के साथ मिलकर ईद मनाई और शांति एवं भाईचारे का संदेश दिया। हिंदू परिवार अपने मुसलमान मित्रों के घर गए और उन्हें ईद-उल-फितर पर मुबारकबाद दी। कटक, भद्रक, बालासोर और सम्बलपुर शहरों में मुसलमानों का हुजूम दिखा। लोगों ने मस्जिदों, ईदगाहों और खुले मैदानों में नमाज अदा की।

असम में शांति के लिए नमाज : असम में सोमवार को राज्यभर की मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज-ए-ईद अदा कर अमन की दुआ मांगी। संकटग्रस्त कोकराझार, चिराग और धुबरी जिलों में भी ईद की नमाज अदा की गई, जहां जातीय हिंसा में 77 लोग मारे जा चुके हैं और चार लाख से अधिक विस्थापित हुए हैं।

हजारों मुसलमानों ने ईदगाहों, मस्जिदों और खुले मैदानों में विशेष नमाज अदा की और असम में, खासतौर से बोडोलैंड टेरीटोरियल एरिया डिस्ट्रिक्ट्स (बीटीएडी) में शांति के लिए दुआ मांगी।

राज्य की एक सबसे पुरानी मस्जिद, गुवाहाटी स्थित बूढ़ा जामे मस्जिद के इमाम, अनवर हुसैन ने कहा, हमने असम में शांति के लिए आज (सोमवार) विशेष नमाज आयोजित की है। इस्लाम का सच्चा अर्थ शांति है और हमने अल्ला से दुआ मांगी है कि हममें से हर किसी को इतनी शक्ति दे कि हम इस्लाम की सच्ची भावना का अनुसरण कर सकें।

हैदराबाद में ईद की रौनक : आंध्रप्रदेश में राजधानी हैदराबाद, सिकंदराबाद, निजामुद्दीन, आदिलाबाद, करीमनगर, कुर्नुल, विजयवाड़ा, कडप्पा और अन्य शहरों में पारम्परिक तरीके से ईद मनाई गई।

असम और म्यांमार के मुसलमानों के लिए विशेष दुआ की गई। इमाम ने मुसलमानों से अपील कि वह राहत शिविरों में कठिन हालात में रह रहे अपने भाइयों की मदद के लिए आगे आएं।

`जामा-ए-इस्लामी`, `स्टू़डेंट इस्लामिक आर्गेनाइजेशन` और अन्य संस्थाओं ने असम और म्यांमार में हुई हिंसा के पीड़ितों की मदद के लिए चंदा इकट्ठा किया।

हैदराबाद के ऐतिहासिक मीरआलम ईदगाह में सबसे ज्यादा लोग एकत्रित हुए, जहां तीन लाख से ज्यादा लोगों ने एक साथ नमाज अदा की।

फलिस्तीन, सीरिया, मिस्र, इराक और अफगानिस्तान के मुस्लिम समुदायों के लिए भी दुआ की गई। 8.4 करोड़ जनसंख्या वाले आंध्र प्रदेश में मुसलमानों की आबादी करीब 10 प्रतिशत है।

महाराष्ट्र में शांतिपूर्वक मनी ईद : मुम्बई और पूरे महाराष्ट्र में ईद-उल-फितर का त्योहार सोमवार को शांति एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। मुसलमानों ने रमजान महीने की समाप्ति पर धन्यवाद के रूप में विशेष सामूहिक नमाज अदा की। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और गले लगाया।

दक्षिण मुम्बई के कोलाबा, नागपाड़ा, मझगांव और माहिम तथा उत्तर पश्चिम मुम्बई के बांद्रा, अंधेरी, जोगेश्वरी, कांदीवली और मलाड तथा मध्य मुम्बई के घाटकोपर व कुर्ला सहित शहर के अधिकांश इलाकों में पटाखों के साथ ईद का जश्न शुरू हुआ।

कर्नाटक में कड़ी सुरक्षा के बीच ईद : कर्नाटक में कड़ी सुरक्षा के बीच हजारों मुसलमानों ने सोमवार को हर्ष एवं धार्मिक उल्लास के साथ ईद का त्योहार मनाया। बेंगलुरू सहित अन्य शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।

राज्य के पुलिस महानिदेशक लालरोखुमा पचाऊ ने कहा, पूरे शहर में शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। राज्यभर में स्थिति सामान्य है। हम सतर्क हैं और संवेदनशील इलाकों में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

बेंगलुरू में सैकड़ों मुसलमानों ने मस्जिदों में नमाज अदा की। कामराजपेट, शिवाजीनगर और शहर के मध्य स्थित छावनी केंद्र के पास स्थित ईदगाह मैदानों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था।

हमले की अफवाह के बाद 15 से 17 अगस्त तक विशेष रेलगाड़ियों से पूर्वोत्तर के 30,000 लोगों के गुवाहाटी पलायन करने के बाद लगभग 20,000 पुलिसकर्मियों को शहर भर में तैनात किया गया है। राज्य के राज्यपाल एच.आर. भारद्वाज और मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने ईद पर मुसलमानों को बधाई दी है।

वाघा-अटारी सीमा पर ईद मुबारक : भारत और पाकिस्तान की इस अंतर्राष्ट्रीय सीमा चौकी पर दोनों देशों के सीमा रक्षकों ने सोमवार को एक-दूसरे को गले लगाया, मिठाइयों का आदान-प्रदान किया और ईद की मुबारकबाद दी।

पाकिस्तान रेंजर्स के अधिकारियों और जवानों ने यहां सीमा द्वार पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों व जवानों को मिठाइयां भेंट की और एक-दूसरे को गले लगाया। पाकिस्तान रेंजर्स के कमांडेंट मोहम्मद रिजवान ने बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक आई.डी. सिंह को मिठाइयां भेंट की और मुबारकबाद दी। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 20, 2012, 21:54

comments powered by Disqus