Last Updated: Sunday, June 9, 2013, 23:54

पणजी : भारतीय जनता पार्टी में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का बढ़ता कद आज तब स्पष्ट नजर आया जब उन्हें चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाये जाने के बाद अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका गुणगान किया। गोवा में देश के विभिन्न हिस्सों से भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में मोदी मुख्य आकर्षण थे। करीब तीन हजार लोगों की भीड़ ने उनकी खूब जय-जयकार की।
मोदी का भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता अरूण जेटली, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर और अन्य नेताओं की उपस्थिति में अभिनंदन किया गया। ये सभी नेता उनके नेतृत्व में काम करने को तैयार नजर आए। प्रस्तोता ने संबोधन के लिए पहले मोदी को बुलाया लेकिन राजनाथ सिंह ने उनसे माइक ले लिया और कहा, ‘भारत लोकतंत्र है और लोकतंत्र में जो कोई भी सबसे अधिक लोकप्रिय है, नेता है।’ सिंह ने कहा कि वह मोदी को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त कर अप्रत्याशित खुशी महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैंने जो कुछ किया, वह केवल पार्टी के लिए नहीं बल्कि देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। इंसाफ की मांग है कि सर्वाधिक लोकप्रिय नेता अंत में बोले।’ सिंह ने कहा कि उन्हें यह निर्णय लेने में एक क्षण भी हिचक नहीं हुई कि मोदी समिति की अगुवाई करें।
जेटली ने मोदी पर निर्णय लेने को लेकर राजनाथ सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने भारतीय राजव्यवस्था को एक नया मोड़ प्रदान किया है। नेतृत्व की पहचान निर्णय लेने की क्षमता है। कई बार राजनीति में निर्णय लेना बहुत कठिन होता है।’ उन्होंने कहा कि भाजपा जैसी पार्टी में यह और ही कठिन है क्योंकि वह एक लोकतांत्रिक एवं संगठित है।
जेटली ने कहा, ‘चुनाव प्रचार समिति की कमान मोदी को सौंपकर आपने (राजनाथ सिंह ने) लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं और करोड़ों लोगों की भावना को एक आकार प्रदान किया है।’ मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति अमेरिका की प्राइमरी व्यवस्था जैसा है जहां चुनाव से पहले पार्टी द्वारा राष्ट्रपति का उम्मीदवार चुन लिया जाता है। उन्होंने कहा, ‘अब हम कह सकते हैं कि हमारा चुनाव अभियान शुरू हो गया है। चूंकि कहा जाता है कि अच्छी शुरूआत यानी आधे काम का पूरा होना होता है।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 9, 2013, 23:54