Last Updated: Sunday, June 9, 2013, 22:23
नई दिल्ली : उत्तर भारत में आज मिलाजुला मौसम रहा, जहां उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश एवं गरज के साथ बौछारें पड़ी वहीं पंजाब और हरियाणा में कुछ दिनों की राहत के बाद फिर लू लौट आयी।
दिल्ली में आज तीसरे दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। हालांकि आज न्यूनतम तापमान कल के न्यूनतम तापमान से अधिक रहा। यहां पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस तक गया। कल भी अधिकतम तापमान इतना ही था जो सामान्य से कम है। आज यहां न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वायुमंडल में आर्द्रता 40 और 44 फीसदी के बीच रहा। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया कि कल आसमान में आंशिक रूप से बादल छाया रहा और बिजली चमक सकती है।
उत्तर प्रदेश में आज छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई जिससे मुरादाबाद, बरेली, लखनउ और मेरठ संभागों में पारा लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार मुरादाबाद और इलाहाबाद में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई जबकि बरेली, शाहजहांपुर और झांसी एवं अन्य स्थानों पर भी बूंदाबांदी हुई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बांदा और उरई में रहा।
राजस्थान को गर्मी से निजात नहीं मिली। चुरू एवं श्रीगंगानगर में पारा 46.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। राज्य में गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। राज्य में कहीं से भी लू से राहत मिलने की खबर नहीं है। हालाकि पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की बूंदाबांदी एवं आंधी चली।
पंजाब एवं हरियाणा में भी लोग आज गर्मी से बेहाल रहे। तीन दिनों की राहत के बाद इन दोनों राज्यों में पारा फिर चढ़ गया। हरियाणा में हिसार इन दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थल रहा। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
संघ शासित क्षेत्र चंडीगढ़ में पारा 37.7 डिग्री सेल्सियस तक गया। पंजाब में अमृतसर पारा 44.4 डिग्री तक गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 43.2 डिग्री सेल्सियस एवं 39 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दोनों राज्यों में आंधी चलने और गरज के साथ बौछारे पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 9, 2013, 22:23