Last Updated: Wednesday, November 21, 2012, 10:03

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : मुंबई पर 2008 में हुए आतंकी हमले के एकमात्र जीवित बचे पाक आतंकी अजमल आमिर कसाब को बुधवार सुबह पुणे की यरवडा जेल में फांसी दे दी गई। कसाब को फांसी दिए जाने पर गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि कसाब की याचिका 5 नवंबर को खारिज हुई थी। आठ नवंबर को ही कसाब को फांसी दिया जाना तय हो गया था। कसाब को आज सुबह 7.30 बजे पुणे के जेल में फांसी की सजा दी गई।
शिंदे ने कहा कि कसाब को फांसी दिए जाने के साथ ही हमने 20 नवंबर के मुंबई हमला मामले की न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर ली। कसाब को फांसी दिए जाने के बारे में पाकिस्तान को सूचित कर दिया गया था। शिन्दे ने कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय मिशन ने पाकिस्तान की सरकार को पत्र के जरिये, कसाब को फांसी दिए जाने के बारे में सूचित किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पत्र लेने से मना कर दिया जिसके बाद फैक्स से पत्र भेजा गया ।
गृह मंत्री ने कहा कि कसाब की फांसी से संबंधित दस्तावेज आते ही मैंने उस पर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इस फांसी के बारे में जानकारी दे दी गई थी। पाक ने कसाब का शव नहीं मांगा।
गौर हो कि कसाब को मुंबई पर इस क्रूर आतंकी हमले की चौथी बरसी से ठीक पांच दिन पहले फांसी दी गई है। मुंबई हमले में 166 लोग मारे गए थे।
First Published: Wednesday, November 21, 2012, 09:36