Last Updated: Tuesday, December 20, 2011, 11:25

नई दिल्ली : दिल्ली सहित समूचा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। ज्यादातर हिस्सों ने न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री नीचे दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली में मंगलवार को तीन दिन के घने कोहरे से मामूली राहत मिली है। यहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। सुबह 8.30 बजे यहां दृश्यता 600 मीटर दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
पंजाब, हरियाणा व चण्डीगढ़ में कोहरे व हिमपात के कारण आम जनजीवन प्रभावित है। कोहरे के कारण सड़क व रेल यातायात प्रभावित है। कई रेलगाड़ियां दो से छह घंटे तक की देरी से चल रही हैं। चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर में मंगलवार हुए हिमपात के बाद स्थानीय लोग सर्दी से राहत महसूस कर रहे हैं। बीते एक पखवाड़े से पूरी कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप जारी था। अब हिमपात से इसमें राहत मिली है।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, पहलगाम में शून्य से 1.2 डिग्री नीचे व गुलमर्ग में शून्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में स्थित लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
बिहार में पटना मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सुबह पटना का तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। प्रदेश में ठंड के कारण अब तक 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
तापमान मे जारी गिरावट ने मध्य प्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह की धुंध और सर्दी का असर ज्यादा होने के कारण राजधानी भोपाल के अलावा ग्वालियर के भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। बीते एक सप्ताह में मौसम के मिजाज में आए बदलाव के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश में पारा लगातार गिर रहा है। पूरा प्रदेश शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। इससे सड़क, हवाई और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मंगलवार सुबह लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। कानपुर में सामान्य से पांच डिग्री कम 4.1 और आगरा में सामान्य से दो डिग्री नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड से 20 लोगों के मरने की खबर है, हालांकि राज्य सरकार की तरफ से इनकी पुष्टि नहीं की गई है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 20, 2011, 17:20