Last Updated: Tuesday, January 10, 2012, 06:27

नई दिल्ली/लखनऊ/चंडीगढ़ :नई दिल्ली/लखनऊ/चंडीगढ़ : उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में सर्द हवाओं के चलने के कारण शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत अन्य कई राज्यों में कड़कड़ाती ठंड से आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में तापमान गिरने व शीतलहर के कारण सर्दी बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के बाद ठंड बढ़ी है तो कश्मीर में अधिकतम तापमान शून्य से नीचे पहुंचने से झीलें जमने लगी हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तो मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री नीचे 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सर्द हवाओं के चलने के कारण शीतलहर का प्रकोप जारी है। मंगलवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। पिछले 24 घंटों के दौरान गोरखपुर सहित पूर्वाचल के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ेगी। पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण सर्द हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।
उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबादी हो सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश पर उत्तरी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर नजर आने लगा है। तापमान में गिरावट के साथ सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। राज्य के अनेक हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री नीचे लुढ़कने और सर्द हवाएं चलने से सर्दी बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 8.30 बजे दृश्यता 1,200 मीटर थी और आद्र्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई।
उधर, हिमाचल में हिमाचल प्रदेश में औसत हिमपात के अगले दिन मंगलवार की सुबह धूप खिली लेकिन सर्दी बहुत बढ़ गई है। कुल्लू जिले के मनाली पर्यटक रिसॉर्ट में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। मनाली में रात का तापमान सोमवार को शून्य से 1.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था। मंगलवार को इसमें 5.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां एक मौसम विज्ञानी ने बताया कि यह पहली बार हुआ है कि मनाली का तापमान इतना गिरा है। मंगलवार सुबह तक शिमला में 0.8 सेंटीमीटर हिमपात हुआ। वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी की अधिकतर झीलों और जल के दूसरे स्रोतों के जमने का सिलसिला शुरू हो गया है। कश्मीर में इस मौसम में पहली बार अधिकतम तापमान शून्य से नीचे गया है। सोमवार को श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। तापमान के शून्य से नीचे जाने के कारण श्रीनगर एवं जम्मू एवं कश्मीर के अन्य हिस्सों में सर्दी बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान के भी गिरने के आसार हैं। तापमान के गिरने के कारण श्रीनगर स्थित डल झील जमनी शुरू हो गई है।
राज्य के अधिकत्तर इलाकों में मंगलवार सुबह धुंध और कोहरा छाया हुआ था। सर्द हवाएं कंपकपी पैदा कर देने वाली थी। इतना ही नहीं आसमान पर बादलों का डेरा होने के कारण सूरज की लुकाछुपी के चलते धूप भी अपना असर नहीं दिखा पाई। यही कारण है कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 10, 2012, 14:20