Last Updated: Tuesday, January 3, 2012, 03:25
नई दिल्ली : भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश में अपने 81 उम्मीदवारों की दूसरी सूची के साथ उत्तराखंड में 48 और पंजाब में 20 उम्मीदवारों की भी सूची जारी की।
उत्तर प्रदेश के लिए जारी की गई उम्मीदवारों की सूची में छह पूर्व मंत्री, छह पूर्व विधायक, आठ महिलाएं, 14 अनुसूचित जाति और एक अल्पसंख्यक समुदाय का उम्मीदवार शामिल है। इस सूची में एक बड़ा नाम मायावती सरकार के पूर्व मंत्री ददन मिश्र का है, जो भाजपा के टिकट पर भींगा से चुनाव लड़ेंगे। मायावती सरकार के ही एक अन्य पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा भी भाजपा के टिकट पर ददरौल से चुनाव लड़ेंगे। इनके अलावा समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अरुण यादव जलालपुर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
उधर, उत्तराखंड की 70 में से 48 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है। राज्य के मुख्यमंत्री बी.सी खंडूरी कोटद्वार, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक दोइवाला और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख बिसन सिंह चुफाल दीदीहाट और विधानसभा अध्यक्ष हरवंश कपूर देहरादून छावनी से चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा भाजपा ने पंजाब के लिए भी अपने 20 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए भाजपा 23 सीटों से उम्मीदवार उतारेगी और बाकी की सीटों पर सरकार में मुख्य घटक शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। जारी की गई सूची के अनुसार पार्टी के चार वर्तमान विधायकों को टिकट नहीं मिला है। प्रकाश सिंह बादल की सरकार में मंत्री सतपाल गोसांई को लुधियाना सेंट्रल से टिकट दिया गया है, जबकि पूर्व मंत्री मदन मोहन मित्तल आनंदपुर साहिब से चुनाव लड़ेंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 3, 2012, 08:55