Last Updated: Monday, October 29, 2012, 17:57
नई दिल्ली : एस जयपाल रेड्डी का पेट्रोलियम मंत्रालय से स्थानान्तरण और सलमान खुर्शीद की पदोन्नति के मुद्दे पर आज राजनीतिक दलों ने सरकार को घेरा। राजनीतिक दलों ने सरकार पर उद्योगपतियों के दबाव में काम करने और भ्रष्टाचार के आरोप झेलने वालों की पदोन्नति करने का आरोप लगाया। सरकार को बाहर से समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी ने कल हुए मंत्रिपरिषद विस्तार पर कड़ी टिप्पणियां करते हुए खुर्शीद को विदेश मंत्री बनाने और कोयला घोटाले में कथित रूप से शामिल मंत्री को पद पर बनाये रखने की आलोचना की।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने कहा, खुर्शीद को एक तरह से पदोन्नत किया गया और उन्हें विदेश मंत्री बना दिया गया। अगर किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप है तो उन्हें बाहर करना चाहिए। एक मंत्री जिसे निष्कासित करना चाहिए था, जो कोयला घोटाले में सीधे तौर पर शामिल था, वह अब भी बना हुआ है। उन्होंने कहा, अच्छे लोगों को पदोन्नत किया जाना चाहिए था। आरोपों से इंकार करने वाले खुर्शीद ने कहा कि वह अपने और अपनी पत्नी द्वारा संचालित एनजीओ के संबंधी विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते क्योंकि यह मामला अदालत में विचाराधीन है।
महत्वपूर्ण मंत्रालय से रेड्डी को हटाने पर सरकार से जवाब मांगते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेकैया नायडू ने कहा कि मंत्री वरिष्ठ नेता हैं और एक सक्षम संसद सदस्य माने जाते हैं। उन्होंने कहा, उन जैसे व्यक्ति को अचानक से हटा दिया गया और उन्हें गैर महत्व के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (मंत्रालय) में भेज दिया गया। जनता और मीडिया कह रही है कि यह उद्योग समूहों के दबाव में हुआ। उन्होंने कहा, सरकार को इस बारे में जवाब देना चाहिए। यह महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्हें हटाने का क्या कारण है। रेड्डी के बारे में मीडिया में आई खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार भ्रष्ट लोगों को बढावा दे रही है और ईमानदारों को बाहर कर रही है। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 29, 2012, 17:57