Last Updated: Friday, June 22, 2012, 17:40

भोपाल : महंगाई, विशेषकर पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में की गई वृद्धि के विरोध में आज देशव्यापी आंदोलन के तहत लोकसभा में नेता विपक्ष सुषमा स्वराज सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आज राजधानी भोपाल में गिरफ्तारी दी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय के समक्ष आयोजित सभा में गिरफ्तारी देने से पहले सुषमा स्वराज, पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी आदि ने केन्द्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि उसकी गलत नीतियों और केंद्र में बैठे मंत्रियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है जिससे आम जनता का जीवन दूभर हो गया है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी उमाशंकर भार्गव ने भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी से पहले आयोजन स्थल को अस्थायी जेल घोषित कर दिया और उनकी गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद सबको रिहा करने की घोषणा की गई। सुषमा स्वराज ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों और मंत्रियों के भ्रष्टाचार के चलते देश में महंगाई में लगातार वृद्धि हो रही है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है।
भ्रष्टाचार को लेकर केन्द्र सरकार को आडे़ हाथों लेते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि केन्द्र में बैठा अकेला एक मंत्री ही 2जी स्पेक्ट्रम मामले में 1.76 लाख करोड़ रुपए के घोटाले में शामिल है। गिरफ्तारी देने से पहले लोक सभा में विपक्ष की नेता ने पेट्रोल के मूल्यों में की गयी मूल्य वृद्धि पूरी तरह वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि गैर कांग्रेस शासित राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार बंद किया जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी तथा प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री अरविंद मेनन ने भी आंदोलनकारियों को संबोधित किया। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 22, 2012, 17:40