Last Updated: Friday, July 19, 2013, 18:40
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष भले ही बन गए हों, लेकिन सूत्रों से खबर मिल रही है कि पार्टी के कुछ आला नेताओं ने मोदी को सीधे रिपोर्ट करने पर आपत्ति जताई है। वे पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को रिपोर्ट करना चाहते हैं। इस मनभेद के चलते भाजपा के चुनाव प्रचार समितियों के ऐलान में देरी हो सकती है।
पहले पार्टी की ओर से कहा गया था कि शुक्रवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार समितियों का ऐलान किया जाएगा। लेकिन पार्टी में गतिरोध की वजह से अब कहा जा रहा है कि इसका ऐलान बाद में किया जाएगा। मोदी के नेतृत्व को लेकर इस तरह के मनभेद उजागर होने के बाद पार्टी की पांच राज्यों में विधानसभा और आम चुनावों की तैयारियों को जबरदस्त झटका लग सकता है।
दूसरी तरफ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट को तैयार करने में जुटे हुए हैं। इस डॉक्यूमेंट को तैयार करने के लिए सभी क्षेत्रों के विशेषज्ञों से राय मश्विरा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस विजन डॉक्यूमेंट में भाजपा शासन, जन-नीतियों, ऊर्जा सुरक्षा, नौकरशाही, भ्रष्टाचार और आर्थिक विकास के मुद्दों पर अपना रोडमैप और विजन रखेगी।
First Published: Friday, July 19, 2013, 18:40