Last Updated: Friday, December 21, 2012, 15:55
हैदराबाद : दिल्ली में चलती बस में पैरा-मैडिकल लड़की के साथ जघन्य बलात्कार की घटना को गंभीरता से लेते हुए गृह मंत्रालय से संबंधित संसद की स्थायी समिति ने इस मामले पर चर्चा के लिए 27 दिसंबर को विशेष बैठक बुलाई है।
इस समिति के अध्यक्ष एम वेंकैया नायडु ने यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में बलात्कार की घटनाओं से संबंधित मुद्दे पर चर्चा होगी और इस बारे में विचार किया जाएगा कि इस पर नियंत्रण के लिए क्या कानून में परिवर्तन किए जाने की जरूरत है। अगर ऐसा महसूस किया गया तो इस बारे में सरकार से समिति सिफारिश करेगी।
बैठक में दिल्ली और केन्द्र के गृह सचिव भी हिस्सा लेंगे। संसद की इस स्थायी समिति के विभिन्न दलों के 30 सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि संसद में सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों ने इस जघन्य घटना पर गहरा रोष जताया है। बलात्कार जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चार बातें महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं जिनमें पुलिस को और अधिक संवेदनशील बनाना और दोषियों के खिलाफ द्रुत कार्रवाई करना शामिल हैं। इसके अलावा राजनीतिक इच्छा शक्ति और तत्पर प्रशासनिक कार्रवाई भी आवश्यक है।
नायडु ने कहा कि कानून में भी कुछ बदलाव जरूरी हैं। साक्ष्य कानून में परिवर्तन करना और फास्ट ट्रैक अदालतें बनाए जाने पर भी विचार होना चाहिए। उन्होंने कहा, यह विचार भी सामने आया है कि बलात्कारियों के लिए मृत्यु दंड का प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में अधिकारियों के विचार जानने के बाद समिति सरकार को अपनी सिफारिश देगी। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 21, 2012, 15:55