Last Updated: Friday, December 23, 2011, 06:49

श्रीनगर : जम्मू एवं कश्मीर में पारा लगातार नीचे खिसकता जा रहा है। कश्मीर घाटी व लद्दाख क्षेत्र में शुक्रवार को आसमान साफ रहा लेकिन तापमान गिरने से सर्दी बढ़ी है। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 17.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।
मौसम विज्ञान कार्यालय में निदेशक सोनम लोटस ने आईएएनएस को बताया कि लेह शहर में यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में भी इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। गुलमर्ग में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था और शुक्रवार को यहां शून्य से 8.2 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया।
मंगलवार और बुधवार को ताजा हिमपात व हल्की बारिश से राहत के बाद एक बार फिर घाटी में ठंड बढ़ गई है। लोटस ने कहा कि अगले पांच-छह दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। यहां बुधवार से 40 दिवसीय चिल्लाई कलान की शुरुआत हो गई है लेकिन स्थानीय लोगों में मैदानी इलाकों में अब तक हिमपात न होने से निराशा है। चिल्लाई कलान अवधि के दौरान घाटी में कड़ाके की सर्दी पड़ती है।
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 23, 2011, 15:39