Last Updated: Tuesday, November 6, 2012, 00:37

नई दिल्ली/भोपाल : स्वामी विवेकानंद और डॉन दाउद इब्राहिम के बीच तुलना को लेकर दिये बयान से विवाद में फंसे भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने आज सफाई देते हुए कहा कि मीडिया ने उनके बयान को गलत तरह से पेश किया है वहीं कांग्रेस ने उन्हें आड़े हाथों लिया। गडकरी ने विवाद को समाप्त करने का प्रयास करते हुए आज इस बात से इनकार किया कि उन्होंने स्वामी विवेकानंद और डॉन दाउद इब्राहिम की तुलना की थी। उन्होंने कहा कि मीडिया ने उनके विचारों को गलत तरह से पेश किया है।
गडकरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, मैंने केवल यह कहा था कि अगर कोई अच्छी तरह से अपने मस्तिष्क का इस्तेमाल करता है तो वह विवेकानंद हो जाता है और अगर ऐसा नहीं करता तो वह बुरा व्यक्ति है। इसमें कोई तुलना नहीं है और मैंने जो कहा था , उसे गलत तरह से पेश किया गया। यह सही नहीं है। कांग्रेस ने इस बयान पर गडकरी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह भाजपा की सोच और मानसिकता के स्तर को दर्शाता है। कांग्रेस ने गडकरी से माफी मांगने को कहा।
गडकरी ने कल भोपाल में एक पुरस्कार समारोह में कहा था कि विवेकानंद और दाउद का आईक्यू एक जैसा हो सकता है लेकिन एक संत हो गये और दूसरा अपराध के रास्ते पर चला गया। उन्होंने कहा, मनोविज्ञान में हम लोगों का आईक्यू स्तर मापते हैं। लेकिन यह व्यक्ति व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वे अपनी बुद्धिमता का इस्तेमाल किस क्षेत्र में करते हैं।’’ जारी
गडकरी के मुताबिक, मनोविज्ञान के अनुसार अगर हम स्वामी विवेकानंद और दाउद इब्राहिम के आईक्यू स्तर को माप सकते हैं तो हो सकता है कि यह समान हो। लेकिन विवेकानंद ने इसका इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण, भाईचारे और अध्यात्म के लिए किया वहीं दाउद ने अपराध जगत में इसका इस्तेमाल किया। सूचना और प्रसारण मंत्री तथा कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि गडकरी का बयान उनकी संस्कृति और मानसिकता का एक और उदाहरण है।
उन्होंने कहा, कोई भी भारत के अग्रणी विचारकों की तुलना अपराधी से कैसे कर सकता है। तिवारी ने कहा कि केवल सफाई देना पर्याप्त नहीं होगा और भाजपा को इस देश की जनता से और खासकर विचारकों और भविष्य के नेताओं से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष के व्यापारिक संबंधों को लेकर उन पर निशाना साधते रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर टिप्पणी की है, भोपाल में एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और दाउद इब्राहिम का आईक्यू एक जैसा है। (नरेंद्र) मोदी और उनके प्रशंसकों की ओर से इस पर क्या कोई टिप्पणी है? तिवारी ने कहा कि एक तरफ गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे भाजपा नेता हैं जो स्वामी विवेकानंद के आदशोर्ं में निष्ठा जताते हैं और दूसरी तरफ उनके पार्टी अध्यक्ष विवेकानंद की तुलना दाउद से कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद जगदंबिका पाल ने भाजपा से सवाल पूछने के अंदाज में कहा, अगर कल कोई गडकरी के आईक्यू की तुलना कसाब से करता है तो भाजपा का जवाब क्या होगा। कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने कहा कि लोग समझ सकते हैं कि गडकरी के मन में विवेकानंद के लिए जगह है या नहीं लेकिन उनकी तुलना दाउद से क्यों की गयी। कांग्रेस ने जहां इस पूरे मामले में गडकरी को आड़े हाथों लिया वहीं भाजपा नेता बलबीर पुंज ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने विवेकानंद की तुलना दाउद से नहीं की थी। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 5, 2012, 20:11