Last Updated: Thursday, March 14, 2013, 14:53
रामेश्वरम : श्रीलंका के नौसैनिकों ने गुरुवार को कच्चातिवू के पास से तमिलनाडु के कम से कम 60 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। मछुआरा संघ के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।
पंबन मछुआरा संघ के अध्यक्ष यू अरुलानंदनम ने कहा कि इन मछुआरों को श्रीलंका के नेदुनतिवु पुलिस थाने ले जाया गया है और उनकी 11 नावें भी जब्त कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि ये मछुआरे पाक जलडमरूमध्य में कच्चातिवू के निकट स्थित एक टापू के पास मछली पकड़ रहे थे कि तभी वहां श्रीलंकाई नौसैनिक आए और उन्हें पीटने लगे। भारत सरकार ने वर्ष 1974 में यह टापू श्रीलंका को सौंप दिया था।
उन्होंने कहा कि इस हमले में लगभग 20 मछुआरे घायल हो गए, जिन्हें दूसरे अस्पतालों में भेजने से पहले तक रामेश्वरम स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कल भी श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कथित रूप से उनकी समुद्री सीमा में दाखिल हुए 19 भारतीय मछुआरों को तलइमन्नार के उत्तर से गिरफ्तार कर लिया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 14, 2013, 14:53