Last Updated: Saturday, December 24, 2011, 13:47
जालंधर : कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र की संप्रग सरकार को ‘भ्रष्टाचार की गंगोत्री’ करार देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने यहां कहा कि कांग्रेस और सरकार के मंत्री आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं और उनकी नियत मजबूत लोकपाल लाने की नहीं है।
भाजपा की ओर से आयोजित ‘जन विश्वास रैली’ में उमड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रमुख नितिन गडकरी ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी नहीं चाहती है कि देश से भ्रष्टाचार समाप्त हो। यही कारण है कि उनकी मंशा मजबूत लोकपाल लाने की नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘लोकपाल के साथ मजाक किया जा रहा है और कांग्रेस ने लोकपाल को जोकपाल बना कर रख दिया है ताकि जब चाहे सरकार उसे अपनी जेब में लेकर चल सके। लोकपाल के सारे अधिकार भी सरकार के हाथ में सुरक्षित रखा गया है।’
उत्तर प्रदेश में ‘मायावती का हाथी नोट खा रहा है’ संबंधी राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा, ‘अगर मायावती का हाथी नोट खा रहा है तो कांग्रेस का हाथ आम आदमी की जेब काट रहा है और वह जोर जोर से कहते हैं कि कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ।’
कांग्रेस पर ‘आकंठ भ्रष्टाचार’ में डूबे रहने आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘भ्रष्टाचार में डूबे कांग्रेसियों को इसके खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है। भ्रष्ट संप्रग सरकारों के दौरान जितने घोटाले हुए हैं, उतने और कहीं नहीं और कभी नहीं हुए।’ उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस सरकार मजबूत लोकपाल नहीं लाना चाहती है क्योंकि उन्हें इसका अंदाजा है कि इसके आने के बाद पूरा का पूरा कैबिनेट तिहाड़ चला जाएगा।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, December 24, 2011, 19:17