'सईद की दोषसिद्धि को पाक पर बनाएंगे दबाव' - Zee News हिंदी

'सईद की दोषसिद्धि को पाक पर बनाएंगे दबाव'



कोलकाता: अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने सोमवार को कहा कि अमेरिका मुंबई हमले के मुख्य षड्यंत्रकारी हाफिज सईद की दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान ने उतने कदम नहीं उठाए हैं, जितना अमेरिका और भारत उससे चाहते हैं।

 

हिलेरी ने यह भी कहा कि अमेरिका पाकिस्तान में आतंकवादी समूहों का पीछा करेगा और उसका मानना है कि अलकायदा का नया प्रमुख अयमान अल जवाहिरी उसी देश में है। हिलेरी यहां लड़कियों के स्कूल ला मार्टिनियर में अपनी भारत यात्रा के दूसरे दिन संवाद सत्र को संबोधित कर रही थीं। हिलेरी ने कहा कि वह भलीभांति जानती हैं कि पाकिस्तानी सरकार ने अब तक ऐसे कदम नहीं उठाए हैं जिससे सईद की दोषसिद्धि सुनिश्चित हो सके। हिलेरी ने कहा कि अमेरिका ने सईद के सिर पर एक करोड़ डालर के इनाम की घोषणा की है और इस पुरस्कार को उन्होंने अधिकृत किया है। अमेरिका ने पिछले महीने सईद की दोषसिद्धि सुनिश्चित करने वाली सूचना देने के लिए एक करोड़ डॉलर का इनाम देने की पेशकश की थी।

 

हिलेरी ने कहा कि आपको उन लोगों का पीछा करना होगा जो आपकी हत्या का प्रयास कर रहे हैं। आपको उसपर केंद्रित होना है। हम चाहते हैं कि हर व्यक्ति जो उससे जुड़ा है (मुंबई हमले से) उसे न्याय के दायरे में लाया जाए। इसमें हम सब जितना चाहते हैं उससे अधिक वक्त लग सकता है। लेकिन हम आपके साथ खड़ा होने जा रहे हैं और इस बात के लिए प्रयास कर रहे हैं कि वैसा हो। इस पर वहां मौजूद श्रोताओं ने जमकर ताली बजाई।

 

उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि पाकिस्तान ने उतने कदम नहीं उठाए हैं, जितना आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका और भारत उससे चाहते हैं। यह पूछे जाने पर कि बिन लादेन के बाद अमेरिका का कौन अगला बड़ा निशाना है तो हिलेरी ने कहा कि हम अलकायदा को अक्षम बनाना चाहते हैं। हमने इस दिशा में काफी प्रगति की है। हिलेरी ने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण नेता अब भी फरार हैं। जवाहिरी जिसने बिन लादेन के बाद नेतृत्व हासिल की, हमारा मानना है कि वह पाकिस्तान में है और हम उनका पीछा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भी आतंकवाद का भुक्तभोगी है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में भारत और अमेरिका की तुलना में अधिक लोग मारे गए हैं। आतंकवादी हमलों में पाकिस्तान में 30 हजार लोगों की जान गई है। यह उनके हित में है कि पाकिस्तान आतंकवाद की समस्या से निपटे।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, May 8, 2012, 09:27

comments powered by Disqus