सैनिकों की हत्‍या पर पाक उच्‍चायुक्‍त तलब

सैनिकों की हत्‍या पर पाक उच्‍चायुक्‍त तलब

ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : भारतीय गश्ती दल के दो सैनिकों की पाकिस्तानी सेना द्वारा हत्या किए जाने के मामले पर भारत ने बुधवार को पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब किया है।

उधर, भारत की ओर से बुधवार को कहा गया कि वह जम्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तानी जवानों द्वारा दो भारतीय सैनिकों की नृशंसा हत्या के मामले में पाकिस्तान के समक्ष `विरोध` दर्ज कराएगा। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मीडिया से कहा कि हम पाकिस्तान सरकार को अपने विरोध से अवगत कराएंगे और हमारे डीजीएमओ (सैन्य अभियानों के महानिदेशक) अपने पाकिस्तानी समकक्ष से इस सम्बंध में बात करेंगे। एंटनी ने कहा कि हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

उन्होंने पाकिस्तानी जवानों द्वारा मंगलवार को की गई भारतीय सैनिकों की हत्या को `उकसाने वाले कृत्य` बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जवानों ने भारतीय सैनिकों के शवों को जिस तरह क्षत-विक्षत किया वह `अमानवीय` था। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, बलूच रेजीमेंट के पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को घने कोहरे का फायदा उठाते हुए जम्मू एवं कश्मीर में घुसपैठ कर दो भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी और तीसरे को घायल कर दिया। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 9, 2013, 11:54

comments powered by Disqus