Last Updated: Thursday, November 8, 2012, 13:27

लखनऊ : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दौरे के आखिरी दिन गुरुवार को रायबरेली में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। सोनिया अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर हैं। रायबरेली स्थित भुएमऊ अतिथि गृह में सोनिया गांधी ने सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से एक-एक करके मिलकर उनका दुख दर्द सुना।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं लेकर आए सैकड़ों लोगों से एक-एक करके मिलीं और उनकी परेशानियों को सुना। उन्हें हर संभव मदद का वादा किया। सिंह के मुताबिक आम लोगों से मुलाकात के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने रायबरेली स्थित सिमहैंस अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में जिले के विकास कार्यो की जानकारी लेंगी। रायबरेली की सांसद होने के नाते वह बैठक की अध्यक्षता करेंगी। बैठक के बाद वह दौरा दिल्ली लौट जाएंगी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, November 8, 2012, 13:27