सोमवार से चल सकती है संसद की कार्यवाही: रामगोपाल

सोमवार से चल सकती है संसद की कार्यवाही: रामगोपाल

सम्भल : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रामगोपाल यादव ने कांग्रेस और भाजपा पर नूराकुश्ती कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि अब दोनों का भेद खुलने लगा है। लिहाजा सोमवार से संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने की सम्भावना है।

यादव ने केन्द्र में सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कुछ सहयोगी दलों का मन टटोलने के लिये भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा सोमवार को बुलायी गयी बैठक में सपा के शिरकत नहीं करने का एलान भी किया।

उन्होंने बहजोई के मिर्जापुर गांव में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के उद्घाटन अवसर पर संवाददाताओं से कहा कि संप्रग सरकार के कार्यकाल में घोटालों का सिलसिला चल निकला है। एक घपले की स्याही सूख नहीं पाती कि दूसरा उजागर हो जाता है।

यादव ने कहा कि यह घोटाले भाजपा नीत राजग सरकार के कार्यकाल में ही शुरू हुए थे। चाहे टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला हो या फिर कोयला ब्लाक आबंटन घोटाला। कांग्रेस और भाजपा इस घोटालों पर आपसी नूराकुश्ती करके जनता को गुमराह कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि अब दोनों ही पार्टियों की पोल जनता के सामने खुलने लगी है, लिहाजा इस बात की सम्भावना है कि संसद में जारी गतिरोध सोमवार को खत्म हो जाएगा और कार्यवाही सुचारु रूप से चल सकेगी।

यादव ने कहा कि उनकी पार्टी पदोन्नति में आरक्षण तथा कोटा में आरक्षण के खिलाफ है। उच्चतम न्यायालय पदोन्नति में आरक्षण पर कई बार फैसला सुना चुका है, लेकिन केन्द्र सरकार फिर भी पदोन्नति में आरक्षण का रास्ता साफ करने के लिये संविधान संशोधन की तैयारी कर रही है, जो गलत है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 25, 2012, 19:07

comments powered by Disqus