Last Updated: Thursday, November 3, 2011, 16:36
नई दिल्ली/मुंबई : गांधीवादी अन्ना हजारे महाराष्ट्र स्थित अपने पैतृक गांव रालेगण सिद्धी से गुरुवार रात दिल्ली पहुंच गए। वह शुक्रवार को लोकपाल विधेयक पर गौर कर रही संसद की स्थायी समिति के समक्ष पेश हो सकते हैं और अपना मौन व्रत तोड़ सकते हैं।
अन्ना रालेगण सिद्धी से गुरुवार शाम को पुणे पहुंचे और वहां से एयर इंडिया के विमान से रात को दिल्ली आ गए। अन्ना ने हवाई अड्डे पर किसी से बात नहीं की। अन्ना बीते 19 दिन से मौन व्रत पर हैं। संभावना है कि वह शुक्रवार को मौन व्रत तोड़ेंगे तथा कार्मिक तथा विधि और न्याय मामलों की संसद की स्थायी समिति के समक्ष पेश होंगे।
गांधीवादी कार्यकर्ता के साथियों शांति भूषण, अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण और किरण बेदी आज स्थायी समिति के समक्ष पेश हुए और उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा द्वारा हाल ही में पारित लोकायुक्त विधेयक के तर्ज पर ही सरकार के लोकपाल विधेयक में बदलाव करने का सुझाव दिया।
‘इंडिया अगेन्स्ट करप्शन’ की प्रवक्ता अश्वती मुरलीधरन ने बताया कि सभी कार्यकर्ता कल अन्ना हज़ारे के साथ अपराह्न साढ़े चार बजे स्थायी समिति की बैठक में जाएंगे। संभावना है कि शुक्रवार को अन्ना राजघाट जाकर अपना मौन व्रत तोड़ें। इससे पहले, अन्ना महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार और रिपब्लिकन पार्टी के नेता रामदास आठवले से मुलाकात करने के बाद अपराह्न करीब तीन बजे पुणे से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
(एजेंसी)
First Published: Friday, November 4, 2011, 10:51