Last Updated: Saturday, May 5, 2012, 12:22
कोलकाता : अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलेंगी। उनके बीच खुदरा कारोबार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और भारत-बांग्लादेश सम्बंधों के मुद्दे पर प्रमुखता से बात हो सकती है। हिलेरी रविवार को कोलकाता पहुंचेंगी। अगले दिन राज्य सचिवालय में वह बनर्जी से मिलेंगी। उल्लेखनीय है कि दोनों ही नेताओं को प्रसिद्ध टाइम पत्रिका ने दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात के एक दिन बाद बनर्जी से मुलाकात में हिलेरी भारत और बांग्लादेश के बीच तीस्ता जल समझौता का मुद्दा उठा सकती हैं। अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक भारत-बांग्लादेश सम्बंधों पर भी चर्चा हो सकती है।
पिछले साल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ढाका यात्रा के दौरान तीस्ता समझौता पर हस्ताक्षर का प्रस्ताव था। लेकिन आखिरी क्षणों में जल की मात्रा पर बनर्जी के विरोध के कारण हस्ताक्षर का प्रस्ताव टाल दिया गया। मल्टीब्रांड रिटेल कारोबार में एफडीआई और अन्य आर्थिक सुधारों पर भी दोनों नेताओं में वार्ता हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में अमरिकी निवेश के मद्दे पर भी बात हो सकती है।
हिलेरी दूसरी बार कोलकाता आ रही हैं। इससे पहले 1997 में वह मदर टेरेसा की अंत्येष्टि में शामिल हुई थीं। हिलेरी की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, May 6, 2012, 15:41