FB विवाद: पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई संभव

FB विवाद: पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई संभव

FB विवाद: पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई संभव ज़ी न्यूज ब्यूरो

मुंबई : दिवंगत शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे के अंतिम संस्कार के लिए बंद के खिलाफ फेसबुक पर कमेंट करने को लेकर दो लड़कियों की गिरफ्तारी के मामले में शुक्रवार को यहां प्रारंभिक रिपोर्ट महाराष्ट्र डीजीपी को सौंप दी गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी की रिपोर्ट में प्राथमिकी, पुलिस डायरी और ठाणे स्थित पलघार थाने के अधिकारियों का बयान दर्ज किया गया है जो दोनों लड़कियों की गिरफ्तारी में शामिल थे।


ठाणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक रविंद्र सेंगांवकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संग्रामसिंह निशंदर, पलघार थाने के वरिष्ठ निरीक्षक श्रीकांत पिंगले के बयानों को भी दर्ज किया गया।

टेलीविजन रिपोर्टों के मुताबिक कोंकण के आईजी ने अपनी जांच में पाया है कि दोनों लड़कियों के खिलाफ लगे आरोप ‘न्यायसंगत’ नहीं हैं। उन्होंने दोनों लड़कियों की गिरफ्तारी में भूमिका निभाने वाले पुलिस के दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का सुझाव दिया है।

रिपोर्टों के मुताबिक लड़कियों के खिलाफ दर्ज मामले को हटाया जा सकता है और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

अधिकारी ने कहा,‘डीजीपी कार्यालय में जमा की गई रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि क्या गिरफ्तारियां जरूरी थी और क्या जो धाराएं लगाई गईं वे सही थीं।’

पलघार की रहने वाली शाहीन दाडा और रेणु श्रीनिवासन को सोमवार को फेसबुक पर पोस्ट करने के बाद गिरफ्तार किया गया जिसमें शाहीन ने ठाकरे के निधन के बाद मुंबई बंद का विरोध किया था जबकि रेणु ने इसे ‘लाइक’ किया था। लड़कियों को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 23, 2012, 22:24

comments powered by Disqus