INDIA GATE LIVE : प्रदर्शनकारियों पर फिर से आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारें

INDIA GATE LIVE : प्रदर्शनकारियों पर फिर से आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारें

INDIA GATE LIVE : प्रदर्शनकारियों पर फिर से आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारेंज़ी न्यूज़ ब्यूरो
नई दिल्ली : दिल्ली गैंगरेप के खिलाफ प्रदर्शन अब उग्र होने लगा है। आज सुबह प्रदर्शनकारियों के जबरन हटाने के बाद एक बार फिर से हजारों प्रदर्शनकारी इंडिया गेट पर फिर से आ जमे हैं। पुलिस इन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग भी कर रही है। पानी की बौछारें फेंकी जा रही है। पूरी नई दिल्ली में धारा-144 लागू कर दिया गया है।

इंडिया गेट के आसपास पूरे इलाके में धुआं ही धुआं नज़र आ रहा है। इंडिया गेट को खाली कराने की कोशिश में दिल्ली पुलिस लगातार कोशिश कर रही है लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं जिसके जवाब में प्रदर्शनकारी पत्थर फेंक रहे हैं। मानसिंह रोड पर भी हंगामा हो रहा है। प्रदर्शनकारी विभिन्न मार्गों से लगातार राजपथ की ओर बढ़ रहे हैं। अशोक रोड पर भी आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं।

रायसीना हिल्स और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास 10 जनपथ पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने के कुछ ही घंटों बाद इंडिया गेट पर फिर से युवा छात्र-छात्राओं की पुलिस से तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आज निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर इंडिया गेट की ओर जाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को रायसीना हिल्स पहुंचने से रोकने के लिए लगाए गए अवरोधक और पुलिसकर्मी युवाओं को वहां पहुंचने से रोक रहे हैं। इंडिया गेट पर जमा प्रदर्शनकारियों को सुबह नौ बजे कहा गया था कि इस क्षेत्र में धारा-144 लगा दी गई है और वे वहां से चले जाएं।

धारा 144 के तहत चार या इससे ज्यादा लोगों को एक जगह एकत्र होने की अनुमति नहीं होती है। जब प्रदर्शनकारियों ने आदेश मानने से इंकार कर दिया तो पुलिस ने उन्हें वहां से जबरन हटाना शुरू कर दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन से बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें वापस अंदर धकेल दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने उन्हें लेकर जा रही बसों के टायरों की हवा निकाल दी और लड़कियों का समूह बसों के सामने लेट गया।

महिला प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की। नेपाली नागरिक व छात्रा पुष्पा का कहना है, ‘हम यहां एक जघन्य अपराध के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। हमें विरोध करने का अधिकार है।’ रायसीना हिल्स और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास 10 जनपथ पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने आज सुबह हटा दिया था।

रायसीना हिल्स इलाके में प्रदर्शन कर रहे लोगों में ज्यादातर छात्र छात्राएं शामिल हैं। इन लोगों ने कल दिन भर पुलिस से जूझने के बाद पूरी ठंडी रात खुले आसमान के नीचे गुजारी। पुलिस आज तड़के एक अभियान में प्रदर्शनकारियों को बस में बैठाकर ले गयी। सुबह करीब छह बजकर 30 मिनट पर पुलिस बसों में भरकर रायसीना हिल्स आयी धारा-144 की घोषणा करते हुए प्रदर्शनकारियों को बसों में भर दिया। रायसीना हिल्स में मौजूद 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घना कोहरा होने की वजह से अधिक प्रतिरोध नहीं कर सके। उन्होंने बस में नारेबाजी की।

सोनिया गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों को भी एक बस में भरकर हटा दिया गया। रायसीना हिल्स तथा इंडिया गेट इलाकों में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं क्योंकि रविवार का दिन होने की वजह से प्रदर्शन के और जोर पकड़ने की उम्मीद है। देश के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक गलियारे रायसीना हिल्स के पास प्रदर्शन को रोकने की योजना के तहत पुलिस ने लोगों को हिरासत में लिया।

प्रदर्शन करने वालों को रायसीना हिल्स और इंडिया गेट पहुंचने से रोकने के लिए इसके आसपास के सभी मेट्रो आठ स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। कल रात सिर्फ चार मेट्रो स्टेशनों पटेल चौक, केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और रेस कोर्स रोड को बंद करने का निर्णय लिया गया था लेकिन आज सुबह बाराखम्भा रोड, मंडी हाउस, प्रगति मैदान और खान मार्केट मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया।

सफदरजंग अस्पताल के बाहर भी प्रदर्शन हुए हैं। पीड़िता का इलाज इसी अस्पताल में चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने अशोक रोड पर यातायात अवरुद्ध कर दिया है और इंडिया गेट पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने तो डीटीसी के जांच वाहन के शीशे तोड़ कर अपने गुस्से का इजहार किया। रेल भवन के पास कुछ प्रदर्शनकारियों ने रायसीना हिल्स पहुंचने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

First Published: Sunday, December 23, 2012, 09:41

comments powered by Disqus