LOC पर टकराव: भारत और पाक के बीच फ्लैग मीटिंग आज- LoC tension: India, Pakistan to hold flag meeting today

LOC पर टकराव: भारत और पाक के बीच फ्लैग मीटिंग आज

LOC पर टकराव: भारत और पाक के बीच फ्लैग मीटिंग आजज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

जम्मू : भारत और पाक सीमा पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट तनाव के बीच दोनों देशों के बीच फ्लैग मीटिंग सोमवार को होगी। भारतीय और पाकिस्तानी सेना के बीच आज ब्रिगेडियर स्तर की फ्लैग मीटिंग होगी।

गौर हो कि एलओसी पर तनाव कम करने के लिए होने जा रही इस बैठक से पहले शनिवार रात भी पाकिस्तानी सेना ने जम्मू एवं कश्मीर में भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित चकां दा बाग पर दिन के एक बजे दोनों ओर के ब्रिगेडियरों के नेतृत्व में बैठक होगी।

नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की अमानवीय कारनामे के बाद उत्पन्न तनाव को कम करने के लिए भारत ने ब्रिगेडियर स्तर की बातचीत का प्रस्ताव रखा था। पाकिस्तान ने घटना की जांच के लिए संयुक्त राष्ट्र से जांच की अपील की थी। रविवार को पाकिस्तान ने फ्लैग मीटिंग के लिए सहमति जताई।

इस बीच, पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा से लगती एक भारतीय सीमा चौकी पर फिर से गोलीबारी की। गोलीबारी की यह ताजा घटना पुंछ जिले की कृष्णा घाटी सेक्टर में हुई है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार रात 10 बजे शुरू हुई गोलीबारी एक घंटे तक जारी रही। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी सेना को माकूल जवाब दिया। सेना ने कहा है कि पाकिस्तानी गोलीबारी नियंत्रण रेखा पर 2003 से लागू संघर्ष विराम का उल्लंघन है और पाकिस्तानी बंदूकों को खामोश करने के लिए भारतीय सेना ने प्रभावी उत्तर दिया।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने मध्यम और भारी मशीनगन से गोलीबारी की। इससे भारतीय पक्ष को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

ज्ञात हो कि 8 जनवरी को पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के भीतर घुस कर दो भारतीय जवानों की गोली मार कर हत्या कर दी और उनके सिर काट लिए। पाकिस्तानी सैनिक एक जवान का सिर भी ले गए। इस घटना को लेकर भारत भर में कोहराम मच गया और सभी वर्गो ने इसकी तीव्र भर्त्सना की। पाकिस्तान ने इन हत्याओं में अपने सैनिकों की संलिप्तता से इनकार किया है। उस घटना के बाद से नियंत्रण रेखा पर तनाव बना हुआ है और पाकिस्तान की ओर से अब तक सात बार संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ है। भारतीय हिस्से वाले कश्मीर और पाकिस्तानी हिस्से वाले कश्मीर के बीच सप्ताह में चार दिन होने वाला व्यापार 9 जनवरी से बंद पड़ा हुआ है। 9 जनवरी को पाकिस्तानी अधिकारियों ने नियंत्रण रेखा पर स्थित सीमा का दरवाजा नहीं खोला।

पुंछ प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि अपने रिश्तेदारों से मिलने आए 30 से ज्यादा पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा सोमवार को खत्म हो जाएगा। हमे उनकी वीजा अवधि बढ़ानी होगी। नियंत्रण रेखा के आर-पार बस यात्रा और व्यापार पुंछ जिले के चकां दा बाग और घाटी में सलमाबाद से होता है।

First Published: Monday, January 14, 2013, 09:20

comments powered by Disqus