Last Updated: Saturday, January 12, 2013, 00:28
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोश्रीनगर/नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच जम्मू कश्मीर स्थित नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच शुक्रवार शाम फिर से पाकिस्तानी सेना द्वारा फायरिंग किए जाने की खबर है। प्रधानमंत्री कार्यालय में शुक्रवार को इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय बैठक हुई है जिसमें रक्षा सचिव ने एलओसी के हालात की जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने एक फ्लैग मीटिंग की मांग रखी है जिस पर पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
शुक्रवार देर शाम राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) शिव शंकर मेनन ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। इसमें बताया गया है कि पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से फिर से जम्मू-कश्मीर में भारतीय चौकी पर गोलीबारी करने से दोनों ओर से फायरिंग हुई। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने कृष्णा घाटी सेक्टर में एलओसी के समीप एक भारतीय चौकी पर फिर गोलीबारी की जिसका भारतीय सैनिकों ने माकूल जवाब दिया। इससे पहले गुरुवार को भी पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुंछ और कृष्णा घाटी सेक्टर में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी।
पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन हो रहा है। मिल रही जानकारी के मुताबिक नियंत्रण रेखा पर कोहरे की वजह से दिन में ही अंधेरा छा गया है और पाकिस्तान की ओर से लगातार भारतीय पोस्टों पर फायरिंग की जा रही है। वहीं पाकिस्तान की बर्बरता और लगातार फायरिंग का जवाब अब भारत भी दे रहा है। गुरुवार रात भारतीय सैनिकों की फायरिंग में एक पाकिस्तानी सैनिक मारा गया। पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय हाई कमिश्नर को बुलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
First Published: Friday, January 11, 2013, 19:30