Last Updated: Saturday, March 30, 2013, 23:49
सुआलकुची (असम) : कामरूप जिले में रेशम नगरी कहे जाने वाले सुआलकुची में आज सेना को तैनात करने के साथ कर्फ्यू लगा दिया गया। नकली रेशम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा की गयी गोलीबारी में 10 लोग घायल हो गये थे जिसके बाद यहां कर्फ्यू लगा दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आज दोपहर दो बजे से अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने के बाद सेना को बुलाया। प्रदर्शनकारियों ने दूसरे दिन भी 12 घंटे के बंद का आह्वान किया था। सूत्रों ने बताया कि पंजाब रेजीमेंट के जवानों ने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के साथ शहर में गश्त लगाया।
सूत्रों के अनुसार स्थानीय लोगों और जुलाहों समेत प्रदर्शनकारियों ने मेन बाजार इलाके का रुख किया और बंद के चलते भारतीय स्टेट बैंक को बंद कराने की अपील की। इसके बाद भीड़ ने दुकानों से ‘असम सिल्क’ के लेबल लगे उत्पादों को बाहर निकाला और आग के हवाले कर दिया। उनका कहना था कि यह असली असमी गोल्डन मूगा रेशम और सफेद पाट रेशम नहीं है जो सिर्फ असम में ही मिलता है।
सूत्रों के अनुसार जब प्रदर्शनकारियों ने हटने से मना कर दिया और पुलिस थाने पर पथराव किया तो पुलिस ने गोलीबारी और आंसू गैस का प्रयोग किया। इस कार्रवाई में 10 लोग घायल हो गये। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत दास भी प्रदर्शनकारियों के पथराव में घायल हो गये। घायल हुए लोगों में से तीन को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 30, 2013, 23:49