Last Updated: Saturday, July 7, 2012, 12:09
ज़ी न्यूज ब्यूरोअसम : हाल के वर्षों की सबसे भीषण बाढ़ की चपेट में है पूर्वोत्तर राज्य असम। खबरों के मुताबिक, राज्य के 28 में से 27 जिले पानी में डूब चुके हैं अभी तक 115 लोगों की मौत हो चुकी है। लाखों लोग बेघर हो गए हैं। यहां तक कि प्रसिद्ध काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवर भी इसकी चपेट में आने से नहीं बच सके हैं। इस भीषण बाढ़ से 500 से अधिक जानवरों की मौत हो चुकी है।
काजीरंगा नेशनल पार्क का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा हुआ है। जानवर अपनी जान बचाने के लिए ऊंची जगहों पर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार अभी तक करीब 540 जानवरों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। मरने वाले जानवरों में 13 गेंडे हैं। हॉग डीयर बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। 465 हॉग डीयर बाढ़ में बह गए हैं। 28 जंगली सूयर और 16 सांभरों की भी मौत हो चुकी है।
वन क्षेत्र के आस-पास रहने वाले लोगों को सेना सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में आठ-दस राहत केंद्र बनाए गए हैं। सरकार बाढ़ से हुए नुकसान के आंकलन में जुटी हुई है।
First Published: Saturday, July 7, 2012, 12:09