Last Updated: Monday, June 18, 2012, 20:31
गुवाहाटी : असम में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूब कर एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जिससे राज्य में अबतक बाढ़ से मरने वाले लोगों की संख्या पांच हो गई और इससे प्रभावित लोगों की संख्या लगभग 80 हजार पहुंच गई। सरकारी सूत्रों ने बताया कि बारपेटा के भेला गांव में आज तीन महिलाएं और एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इनके नाम रेहाना बेगम, रीता बेगम, खालिदा बेगम और मोनिमा बेगम (पांच साल) हैं।
असम के पूर्व मुख्यमंत्री और असम गण परिषद् (अगप) के अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार महंत ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद करने का निर्देश दिया। अगप की ओर से जारी एक बयान के अनुसार महंत ने प्रभावित इलाकों के सभी जिला और उप प्रमंडलीय समितियों से भी युद्धस्तर पर राहत कार्य करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि 14 जून को भी बाक्सा जिला के ओईगुडी इलाके में एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई थी। राज्य में बाढ़ से लगभग 80 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से मुख्य तौर पर लखिमपुर, धेमाजी, डिब्रुगढ़, बारपेटा, कामरूप (ग्रामीण), बक्सा, उदलगुडी, सोनितपुर, नागांव और धुबरी जिला प्रभावित हुए हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 18, 2012, 20:31