इतालवी बंधक संकट पर वार्ता बहाल - Zee News हिंदी

इतालवी बंधक संकट पर वार्ता बहाल



भुवनेश्वर : एक दिन के अवकाश के बाद ओडिशा सरकार तथा माओवादी वार्ताकारों के बीच बंधक बनाए गए इतालवी नागरिक की रिहाई के बारे में वार्ता बहाल हो गई है जबकि विधानसभा ने अपहर्ताओं से सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक झीना हिकाका की रिहाई की अपील की। माओवादियों द्वारा तय समय सीमा समाप्त होने से महज एक दिन पहले यह अपील की गई है।

 

गृह सचिव यूएन बेहेरा की अगुवाई वाली सरकार का तीन सदस्यीय दल माओवादियों के मध्यस्थों बीडी शर्मा तथा दंडपाणि मोहंती के साथ बातचीत में लगा है। भाकपा (माओवादी) की ओडिशा राज्य संगठन समिति के सचिव सब्यसाची पांडा ने धमकी दी थी कि यदि कोई कार्रवाई की गई तो बंधकों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इस धमकी के बाद सोमवार की रात इतालवी बंधक संकट पर ताजा वार्ता शुरू हुई थी। इसी संगठन ने इतालवी नागरिक पाओलो बोसुस्को का 14 मार्च को अपहरण करने दावा किया है।

 

जारी किए गए एक ऑडियोटेप में पांडा ने कहा, ‘यदि सरकार ने बंधक की रिहाई के लिए आक्रामक कार्रवाई की तो हम अतिवादी कदम उठा सकते हैं।’ उसने अपनी बीवी सुभाषश्री दास उर्फ मिली पांडा समेत जेल में बंद सात माओवादियों की रिहाई की मांग की। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 4, 2012, 15:00

comments powered by Disqus