Last Updated: Saturday, September 21, 2013, 18:52
भुवनेश्वर : प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर बहुत ज्यादा निर्भर रही भाजपा की ओडिशा इकाई को राज्य के नगर निकाय चुनावों में करारी शिकस्त मिली है। नगर निकाय चुनावों के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए जिसमें सबसे खराब प्रदर्शन भाजपा का रहा है।
पिछली दफा 2008 में 11 नगर निकायों पर पार्टी ने परिषद का गठन किया था। इस बार पार्टी सिर्फ मयूरभंज जिले के रायरंगपुर नगर निकाय में सबसे बड़ी पार्टी बनने में कामयाब हुई है। वहां भी परिषद के गठन के लिए उसे अन्य पक्षों पर निर्भर करना पड़ेगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केपी सिंह देव सहित पार्टी का नेतृत्व उम्मीद कर रहा था कि नगर निकाय चुनावों के बीच में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने से पार्टी उम्मीदवारों को फायदा मिलेगा पर सारी उम्मीदें धरी की धरी रह गयीं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नतीजों में कहा गया है कि 66 नगर निकायों के तहत कुल 1121 वार्डों में से भाजपा सिर्फ 47 पर जीत हासिल कर पायी। 66 नगर निकायों में से करीब 40 पर तो भाजपा उम्मीदवार खाता भी नहीं खोल सके। (एजेंसी)
First Published: Saturday, September 21, 2013, 18:52