ओडिशा में नक्सली को मार गिराया

ओडिशा में नक्सली को मार गिराया


भुवनेश्वर : नक्सली संगठन, पीपु़ल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के एक सदस्य को पुलिस ने ओडिशा में सोमवार को मार गिराया। इसके एक दिन पहले इस संगठन से जुड़े नक्सलियों ने बीजू जनता दल (बीजद) के एक कार्यकर्ता की कथितरूप से हत्या कर दी थी।

पुलिस उपमहानिरीक्षक जसवंत सिंह जेठवा ने संवाददाताओं से कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस के एक विशेष दस्ते ने सुंदरगढ़ जिले के ऊदुगांव गांव में पीएलएफआई के ठिकाने पर छापा मारा। यह स्थान राउरकेला शहर से लगभग 500 किलोमीटर दूर स्थित है। छापे के दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

जेठवा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पीएलएफआई का एक सदस्य मारा गया, जबकि चार अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों में पीएलएफआई का नेता दिलीप सिंह भी शामिल है। जेठवा ने कहा कि घायल नक्सलियों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संगठन के एक सदस्य को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने नक्सलियों के पास से एक एके-47, एक स्वचालित राइफल और पिस्तौल तथा 126 कारतूसों सहित कई हथियार बरामद किए हैं। पीएलएफआई, एक नक्सली संगठन है, जो ओडिशा और झारखण्ड के सीमावर्ती इलाके में सक्रिय है। इस संगठन ने एक दिन पहले इलाके में हुई बीजद कार्यकर्ता की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

पीएलएफआई के सदस्यों ने शनिवार शाम हरदीप सिंह (43) को उस समय अगवा कर लिया था, जब वह एक सड़क निर्माण स्थल से अपने घर लौट रहे थे। गोलियों से छलनी सिंह का शव एक दिन बाद उसी जिले के बिलीगढ़ गांव के पास पाया गया था। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 9, 2012, 12:19

comments powered by Disqus