कर्नाटक के सीएम गौड़ा दिल्ली रवाना

कर्नाटक के सीएम गौड़ा दिल्ली रवाना

बेंगलुरु : कर्नाटक में सत्तारुढ़ भाजपा में बगावत शांत करने के लिए पद से हटाए जाने की आंशका के बीच मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा आज दिल्ली रवाना हो गए। पार्टी आलाकमान ने उन्हें दिल्ली तलब किया था।

गौड़ा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘पार्टी आलाकमान ने मुझे दिल्ली बुलाया है। मैं आज वहां जा रहा हूं।’ पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में विद्रोही विधायक गौड़ा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में आज शाम को कर्नाटक संकट पर विचार किया जाएगा।

बहरहाल, गौड़ा का कहना है कि जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 11 माह पहले मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने की कोशिश की है। पिछले साल अगस्त में येदियुरप्पा को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते भाजपा आलाकमान ने मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था और गौड़ा को मुख्यमंत्री बनाया गया था। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 7, 2012, 14:56

comments powered by Disqus