Last Updated: Thursday, December 22, 2011, 15:39

बेंगलुरू : कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. वी. सदानंद गौड़ा गुरुवार को विधान परिषद के उपचुनाव में निर्वाचित घोषित किए गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गौड़ा ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आनंद गाडाडेवरामथ को हराया। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री बनने के समय गौड़ा लोकसभा के सदस्य थे।
संवैधानिक बाध्यता के तहत उनका छह महीने के भीतर विधानमंडल के किसी भी सदन का सदस्य निर्वाचित होना आवश्यक था। उनके पूर्ववर्ती बी.एस. येदियुरप्पा ने लोकायुक्त द्वारा उनका नाम भ्रष्टाचार के आरोपियों में शामिल किए जाने के बाद 31 जुलाई को पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद चार अगस्त को गौड़ा ने कार्यभार सम्भाला था।
परिषद के चुनाव में केवल विधानसभा सदस्यों के निर्वाचक मंडल ने मतदान किया। गुप्त मतदान पूर्वाह्न् नौ बजे शुरू हुआ और अपराह्न् चार बजे समाप्त हो गया। मतगणना पांच बजे शुरू हुई।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक विधानसभा में नामित सदस्यों सहित कुल 225 सदस्य हैं। इनमें विधानसभा अध्यक्ष सहित भाजपा के 120, कांग्रेस के 71, जनता दल (सेक्युलर) के 26 और सात निर्दलीय हैं। इनमें से एक निर्दलीय विधायक गौड़ा मंत्रिमंडल में शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 22, 2011, 21:09