गोयल को प्रशासनिक तंत्र का पता नहीं : शीला दीक्षित

गोयल को प्रशासनिक तंत्र का पता नहीं : शीला दीक्षित

गोयल को प्रशासनिक तंत्र का पता नहीं : शीला दीक्षितनई दिल्ली : मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कानून व्यवस्था को लेकर उनकी बर्खास्तगी की मांग करने वाले भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल पर निशाना साधते हुए आज कहा कि उन्हें प्रशासनिक तंत्र के बारे में ‘पता नहीं’ है क्योंकि शहर पुलिस की जिम्मेदारी उनकी सरकार पर नहीं बल्कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय पर है।

शीला ने कहा, ‘दिल्ली की शासन प्रणाली को लेकर दिल्ली भाजपा प्रमुख जैसे व्यक्ति की जानकारी के अभाव से मैं आश्चर्यचकित हूं। ऐसा लगता है कि उन्हें दिल्ली में प्रशासनिक ढांचे के बारे में कुछ पता नहीं है। उनकी जानकारी के अभाव पर मुझे उनसे हमदर्दी है।’ गोयल के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कल राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात कर शहर में ‘बिगड़’ रही कानून व्यवस्था के आधार पर दिल्ली सरकार को बर्खास्त करने की मांग की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोयल ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर दिल्ली सरकार की बर्खास्तगी की मांग की है। पुलिस संबंधी संचालन गृह मंत्रालय के अधीन है। उन्होंने किस आधार पर मेरी सरकार की बर्खास्तगी की मांग की है। कानून व्यवस्था की स्थिति पर गोयल की आलोचना खारिज करते हुए शीला ने कहा कि वह जनता को गुमराह नहीं कर पाएंगे क्योंकि उन्हें इस मुद्दे के बारे में जानकारी है। उन्होंने कहा कि गोयल संसद सदस्य रह चुके हैं। वह राजग शासन के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय का हिस्सा थे। उन्हें पता होना चाहिए कि कानून व्यवस्था दिल्ली सरकार के अधीन नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘उन्हें मेरी आलोचना करने दीजिए। उन्हें मेरी आलोचना का अधिकार है। लेकिन आलोचना का आधार होना चाहिए। राष्ट्रपति दिल्ली के प्रशासनिक ढांचे के बारे में जानते हैं।’ गोयल की इस आलोचना कि 16 दिसंबर के सामूहिक बलात्कार मामले के बाद पुलिस आयुक्त नीरज कुमार को हटाने की मांग को लेकर शीला बहुत गंभीर नहीं थीं, पर उन्होंने कहा कि उन्होंने ‘बहुत मजबूत रूख’ अपनाया था और शहर में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम की मांग की थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 28, 2013, 19:52

comments powered by Disqus