Last Updated: Friday, June 14, 2013, 22:18

नई दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई, लेकिन मॉनसूनी बारिश अगले पांच दिन में शुरू होगी, जबकि मॉनसून के यहां पहुंचने की संभावित तिथि 29 जून बताई गई थी। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी शुक्रवार को दी।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक बीपी यादव ने बताया कि मॉनसून देशभर में तेजी से बढ़ रहा है और उत्तर भारत में अनुमानित समय से पहले पहुंचने की संभावना है। मॉनसून आज से पांच दिन के भीतर दिल्ली पहुंच जाएगा।
उन्होंने कोई निश्चित तारीख तो नहीं बताई लेकिन कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को आधिकारिक रूप से तय तारीख 29 जून से पहले भिगोएगा। ज्ञात हो कि दिल्ली में पिछले दो दिनों से मॉनसून पूर्व बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है।
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दक्षिण भारत में हालांकि अच्छी बारिश हुई है लेकिन मध्य और पश्चिमी राज्यों तथा देश के अन्य हिस्सों में मौसमी बारिश सामान्य रहने की संभावना है। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 14, 2013, 22:18