Last Updated: Friday, June 22, 2012, 12:01
नई दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार सुबह से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। राष्ट्रीय राजधानी का तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शाम को गरज के साथ छींटे पड़ने से कुछ राहत मिल सकती है।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, `दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं लेकिन शाम और रात को शहर के कुछ हिस्सों में बारिश की सम्भावना है।` अधिकारी ने कहा, `अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।` सुबह 8.30 बजे वातावरण में 44 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।
गौरतलब है कि गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 43.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 22, 2012, 12:01