Last Updated: Friday, May 24, 2013, 11:48
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले एक दशक के मई महीने में गुरुवार सबसे गर्म दिन रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमानों के मुताबिक, शुक्रवार को तापमान में और वृद्धि होने की सम्भावना है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पूरे शहर में शुक्रवार को भी गर्म हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि वातावरण में आद्र्रता सुबह 8.30 बजे 37 फीसदी दर्ज की गई। शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पिछले एक दशक में मई महीने में सबसे अधिक तापमान 2010 में दर्ज किया गया था जब अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मई महीने में सबसे अधिक गर्मी 1944 में महसूस की गई थी जब अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 24, 2013, 11:48