Last Updated: Thursday, January 19, 2012, 07:32

नई दिल्ली : दिल्ली में गुरुवार को भी ठंड एवं घने कोहरे का दौर जारी रहा। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घने कोहरे का प्रभाव सड़क, रेल एवं हवाई यातायात पर भी पड़ा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने कहा कि अधिकतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की सम्भावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 15.5 डिग्री था जबकि न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में आसमान साफ रहेगा। लेकिन सुबह में घने कोहरे का असर यातायात पर दिखा। इलाहाबाद, लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के अन्य भागों से आने वाली रेलगाड़ियां दो से छह घंटे की देरी से चल रही थीं। उत्तर रेलवे के अधिकारी ने बताया कि 50 रेलगाड़ियां दो से छह घंटे की देरी से हैं। कोहरे के कारण लगभग 27 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। हवाई अड्डे पर भी विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। उड़ानों के विलंब एवं रद्द होने से यात्री परेशान दिखे। हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार 20 उड़ानों में देरी हुई एवं 10 को रद्द कर दिया गया।
हैदराबाद जाने के लिए उड़ान का इंतजार कर रहीं मंजू अग्रवाल ने कहा कि मेरे विमान का प्रस्थान समय सुबह आठ बजे निर्धारित था। लेकिन दो घंटे से अधिक का समय बीत चुका है और उड़ान के सम्भावित समय के विषय में कोई जानकारी नहीं है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि 11 बजे के बाद सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, January 19, 2012, 13:02