Last Updated: Tuesday, June 18, 2013, 08:51
ज़ी मीडिया ब्यूरो<नई दिल्ली : दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार दोपहर से लोहे के पुल पर आवागमन रोकने का फैसला किया है। बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन तैयारी में जुटा है।
यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 204.83 मीटर को पार कर गया है। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में रुक-रुक कर हो रही बारिश और हरियाणा द्वारा हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना के जलस्तर में वृद्धि हो रही है।
आशंका जताई जा रही है कि बारिश और जारी रही तो दिल्ली के निचले इलाके बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। बाढ़ की आशंका को देखते हुए दिल्ली प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
इसके पहले जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने सोमवार को नदी के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालना शुरू कर दिया।
मुख्य सचिव डीएम सपोलिया ने राजस्व विभाग को लोगों को निचले इलाकों से निकालने तथा प्रशासन को किसी संभावित आपदा के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। सपोलिया ने बताया कि हरियाणा ने सोमवार सुबह यमुनानगर के समीप हथिनीकुंड बैराज से आठ लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी यमुना में छोड़ा है।
First Published: Tuesday, June 18, 2013, 08:51