Last Updated: Sunday, April 21, 2013, 09:36
कटक (ओडिशा) : एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल करते-करते तंग आ चुके 11 साल की एक लड़की के माता-पिता यहां मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के आवास के सामने धरने पर बैठ गए। लड़की आग में झुलस कर जख्मी हो गयी थी। यह घटना कल उस वक्त हुई जब लड़की के माता-पिता अपनी बेटी को किसी अस्पताल में भर्ती कराने में नाकाम रहे।
अधिकारियों ने बताया कि लड़की को बाद में एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। लड़की के 50 फीसदी से ज्यादा झुलसने के करीब 14 घंटे बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया जा सका। लड़की के पीपली स्थित घर में आग लग जाने से वह झुलस गयी थी। स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राउत ने आज उन सरकारी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया जिन्होंने लड़की के इलाज से इंकार कर दिया था।
एस के जवाहर की बेटी तरन्नुम को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल भेज दिया गया। कैपिटल अस्पताल ने उसे फिर एससीबी अस्पताल भेज दिया। जब उसे एससीबी अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने छठी कक्षा में पढ़ने वाली तरन्नुम को यह कहते हुए शिशु भवन ले जाने कहा कि उसे बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत है।
इतना होने पर तरन्नुम के परिजन ने सोचा कि उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाए लेकिन इलाज के ज्यादा खर्च की डर से उन्होंने उसे निजी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया। इसके बाद तरन्नुम के माता-पिता ने मुख्यमंत्री आवास के सामने धरना दिया। धरना देने पर पटनायक के सुरक्षा कर्मियों ने तरन्नुम को एससीबी अस्पताल में भर्ती कराया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 21, 2013, 09:36